बरेली: विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षाओं की शुरू कीं तैयारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा 2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य से महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी मांगी है। इसके तहत कक्षों की संख्या, सीसीटीवी कैमरे व अन्य की जानकारी देने को कहा गया है। शासन के निर्देश पर मुख्य परीक्षाएं …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा 2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य से महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी मांगी है। इसके तहत कक्षों की संख्या, सीसीटीवी कैमरे व अन्य की जानकारी देने को कहा गया है। शासन के निर्देश पर मुख्य परीक्षाएं मई में आयोजित करानी हैं। अप्रैल में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।

विश्वविद्यालय ने सभी प्राचार्यों से महाविद्यालय का नाम, पता, वेबसाइट, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी मांगी है। वेबसाइट की सक्रियता के बारे में भी पूछा है। इसके अलावा महाविद्यालयों के कक्षों की संख्या मांगी गई है। कितने कक्षों में शिक्षण कार्य होता है और कितनी प्रयोगशालाएं हैं, इसकी अलग-अलग जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

कितने कक्षों में सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकार्डर लगे हैं। महाविद्यालयों की सूचना के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। किस महाविद्यालय में कितने छात्रों की परीक्षा आयोजित कराई जाएगी, इसका भी निस्तारण किया जाएगा। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने भी सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान नकल न हो।

सीसीटीवी कैमरे लगे फिर भी हो रही नकल
परीक्षाओं के दौरान नकल न हो इसके लिए कक्ष निरीक्षक और सचल दल के साथ अब सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर से भी मॉनिटरिंग की जा रही है। महाविद्यालयों में कंट्रोल रूम के साथ क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और विश्वविद्यालय में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके बावजूद सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या ये कैमरे और रिकार्डर सिर्फ खानापूर्ति के लिए लगाए गए हैं।

परीक्षा केंद्र का प्रशासन परीक्षा को लेकर सख्ती क्यों नहीं करता है? विश्वविद्यालय में लगे कैमरों से भी लगातार निगरानी क्यों नहीं की जा रही है? परीक्षा के दौरान कक्ष के अंदर नकल पकड़े जाने से यह भी सवाल उठता है कि क्या परीक्षा शुरू होने से पहले चेकिंग के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है? सेमेस्टर परीक्षाओं में बरेली कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों में नकलची पकड़े जा चुके हैं।

नकल होने के बावजूद बना रहे स्वकेंद्र
बरेली कॉलेज के एलएलबी के छात्रों की परीक्षा का केंद्र किसी दूसरे महाविद्यालय में नहीं बनाया जाता है। इसे बार-बार स्वकेंद्र बना दिया जाता है जबकि कई बार परीक्षार्थी नकल करते भी पकड़े जा चुके हैं। महाविद्यालय प्रशासन कई बार लिखित में नियम के तहत स्वकेंद्र न बनाने की अपील कर चुका है। नियम है कि परीक्षा में स्वकेंद्र नहीं बनाया जा सकता है। बरेली कॉलेज के अलावा कुछ अन्य महाविद्यालयों में भी स्वकेंद्र बना दिए जाते हैं।

संबंधित समाचार