होली और कोरोना
जिस तेजी से देश में कोरोना संक्रमण फिर बढ़ता जा रहा है वह बेहद चिंताजनक है और यह आंकड़े अाने वाले कुछ महीनों में ही भयावह स्थिति की ओर इशारा भी कर रहे हैं। इससे यह संकेत साफ हैं कि अगर हम सबने सतर्कता नहीं बरती तो फिर हालात इस कदर बेकाबू हो सकते हैं …
जिस तेजी से देश में कोरोना संक्रमण फिर बढ़ता जा रहा है वह बेहद चिंताजनक है और यह आंकड़े अाने वाले कुछ महीनों में ही भयावह स्थिति की ओर इशारा भी कर रहे हैं। इससे यह संकेत साफ हैं कि अगर हम सबने सतर्कता नहीं बरती तो फिर हालात इस कदर बेकाबू हो सकते हैं कि संक्रमण से बचना मुश्किल हो जाएगा।
सोमवार को होली का पर्व है। रंगों और भाईचारे का पर्व। इसे हम सब एक-दूसरे के चेहरे को रंगकर और गले लगाकर मनाते हैं। सड़कों और गलियों में रंगबाजी होती है। बाजार में भीड़भाड़ जुटती है लेकिन क्या ऐसा नहीं हो सकता कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हम इस बार होलिका के इस पर्व को साधारण तरह से मनाएं? क्यों न हम अपने परिवार के साथ घर पर ही रहकर सबको होली के संदेशों का आदान-प्रदान कर बधाई दें और बाकी लोगों को भी प्रेरित करें कि वह कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक और सतर्क रहें।
कोरोना की पिछली लहर के दुष्परिणाम हम सब देख ही चुके हैं। पहली लहर में न जाने कितने ही लोगों की जान इस महामारी की भेंट चढ़ गई। न जाने कितनों के रोजगार-धंधे चौपट हुए। संक्रमित होने के बाद लाखों लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। अभी भी हमारा देश महामारी और उसकी वजह से लगे लॉकडाउन के दुष्प्रभावों से उबर नहीं पाया है कि एक बार फिर इस महामारी की दूसरी लहर सिर उठाए खड़ी है।
आप भलीभांति जानते हैं कि यदि इस विश्वव्यापी महामारी ने फिर से सिर उठाया तो हालात क्या से क्या हो सकते हैं? फिर लॉकडाउन लगाया गया तो उसकी दुश्वारियां अलग से झेलनी होंगी इसलिए बेहतर यही होगा कि तत्काल हम सब सावधान हो जाएं। कोरोना संक्रमण से बचाव के िलए बेहद जरूरी उपाय है- दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी। इस नियम का पालन अपनी आदत में शुमार कर लें। हर हाल में इसका पालन करें। जरा भी लापरवाही न करें। यदि असावधानी हुई तो इसका खमियाजा सिर्फ आपको ही नहीं, आपके परिवार और समाज व देश को भी भुगतना पड़ेगा।
हम खुद को और अपनों को ही कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रख पाते हैं तो यकीन मानिए इसका पूरे समाज और देश पर अच्छे नतीजे के रूप में देखने को मिलेगा। असल में एक-एक व्यक्ति के संक्रमण होने से जो आंकड़े बढ़ते हैं, वही देश के हालात की स्थिति की विस्फोटक रूप से पेश करते हैं, इसलिए सबसे अपील है कि आप सब होली को बेहद सावधानी से मनाते हुए मास्क और शारीिरक दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करते रहें। होली के बाद भी सह सावधानी लगातार बनाए रखिए। आप सबको होली की मंगलकामनाएं।
