टनकपुर: पूर्णागिरि मेले का शुभारंभ, 24 घंटे में दर्शन को पहुंचे 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मेले का मंगलवार को औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया। ठुलीगाड़ स्थित जिला पंचायत मेला कैंप कार्यालय के समक्ष मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने धाम के प्रमुख पुजारी पंडित भुवन चंद्र पांडे के मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर तथा दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। छोलिया …

टनकपुर, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मेले का मंगलवार को औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया। ठुलीगाड़ स्थित जिला पंचायत मेला कैंप कार्यालय के समक्ष मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने धाम के प्रमुख पुजारी पंडित भुवन चंद्र पांडे के मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर तथा दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। छोलिया नर्तकों ने लोक परंपरा की झलक पेश की। कोविड-19 के चलते इस बार पूर्णागिरि मेले में पहले दिन श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। पिछले 24 घंटे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन कर मन्नतें मांगी।

इस मौके पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार द्वारा मेले को सुचारू चलाने के लिए हर संभव प्रयास होंगे। धाम को ट्रस्ट बनाने के मसले में उन्होंने कहा कि धाम के पुजारियों के हितों को ध्यान में रखकर ही इस क्षेत्र में कोई कार्य किया जाएगा। फैसला पुजारियों के पक्ष में हो इसके लिए सरकार से हर संभव प्रयास किए जाएंगे। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने कहा कि कोरोना के बावजूद इस बार व्यवस्थाएं पटरी पर आ जाएंगी। इसके लिए सभी को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का भी ईमानदारी से पालन करना होगा।

खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह मेले की व्यवस्थाओं में पूरी तरह से सहयोग प्रदान करेंगे। इस दौरान धाम के पुजारियों ने धाम को ट्रस्ट बनाने का विरोध करते हुए कहा कि धाम में उनका पुश्तैनी हक है। इसको छीनने पर वह परिवार के साथ लड़ाई लड़ने के लिए विवश होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चम्पावत जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय तथा संचालन पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडे ने किया। यहां जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, मेला मजिस्ट्रेट व एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, चंपावत के एसडीएम अनिल गर्ब्याल, मेला अधिकारी राजेश कुमार मौजूद थे।

संबंधित समाचार