हल्द्वानी: दोस्त के कमरे में तैयार हुई थी हत्या की पटकथा
हल्द्वानी, अमृत विचार। हत्यारोपियों ने व्यवसायी भागीरथ को सबक सिखाने की योजना एक दोस्त के कमरे में बैठकर तैयार की थी। हत्या के बाद आरोपी रात भर इसी कमरे में छुपे थे। वारदात की अगली सुबह दो दोस्तों की मदद से मुक्तेश्वर भाग गए थे। दो दिनों तक मुक्तेश्वर में ही छिपे रहे। पुलिस से …
हल्द्वानी, अमृत विचार। हत्यारोपियों ने व्यवसायी भागीरथ को सबक सिखाने की योजना एक दोस्त के कमरे में बैठकर तैयार की थी। हत्या के बाद आरोपी रात भर इसी कमरे में छुपे थे। वारदात की अगली सुबह दो दोस्तों की मदद से मुक्तेश्वर भाग गए थे। दो दिनों तक मुक्तेश्वर में ही छिपे रहे। पुलिस से बचने के लिए हत्यारोपियों ने उत्तराखंड से भागने की योजना भी बनाई थी।
सोमवार को हत्यारोपी राहुल घनेला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में इसका खुलासा हुआ। 26 मार्च की रात भागीरथ से विवाद के बाद राहुल और पवन एक दोस्त के कमरे में चले गए। यहां बैठकर भागीरथ को सबक सिखाने की योजना बनाई। योजना के अनुसार दोनों स्कूटी में बैठकर कलावती चौराहा पहुंचे। उस वक्त भागीरथ अपनी दुकान के भीतर मौजूद था। पवन भागीरथ को दुकान से खींचकर बाहर ले आया। इसके बाद राहुल ने पीछे से भागीरथ के हाथ पकड़ लिए। जबकि पवन ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर डाले।
लहूलुहान भागीरथ के नीचे गिरते ही दोनों मौके से भाग खड़े हुए। वारदात के बाद दोनों फिर से अपने दोस्त के कमरे में छिप गए और अपने मोबाइल बंद कर लिए। अगली सुबह दो दोस्तों की मदद से मुक्तेश्वर भाग निकले। दोस्तों ने ही उनके रुकने की व्यवस्था कराई थी। दो दिन मुक्तेश्वर में छिपने के दौरान उन्होंने पुलिस से बचने के लिए दिल्ली या फिर गुजरात भागने की योजना बनाई थी। सोमवार को पवन भवाली से एक बस में बैठकर भाग गया। लेकिन भागने की योजना के दौरान राहुल पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
हत्यारोपी राहुल को जेल, पवन की तलाश जारी
हल्द्वानी। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारोपी राहुल को कोर्ट पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि हत्यारोपी पवन की तलाश की जा रही है। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों के दोस्त अंकित नेगी और लक्की बिष्ट का नाम प्रकाश में आया है। इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
