बरेली: जिपं सदस्य की 60 सीटों का रण, 472 दावेदारों ने खरीदे नामांकन पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के शोर में गांव के गांव रंगना शुरू हो गए हैं। होली के बाद नामांकन पत्र खरीदने वालों ने भी तेजी दिखाई है। खंड विकास कार्यालय हो या कलेक्ट्रेट। मंगलवार को दिनभर नामांकन पत्र खरीदने वालों की भीड़ देखी गई। कलेक्ट्रेट में सिर्फ जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्र ही …

बरेली,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के शोर में गांव के गांव रंगना शुरू हो गए हैं। होली के बाद नामांकन पत्र खरीदने वालों ने भी तेजी दिखाई है। खंड विकास कार्यालय हो या कलेक्ट्रेट। मंगलवार को दिनभर नामांकन पत्र खरीदने वालों की भीड़ देखी गई। कलेक्ट्रेट में सिर्फ जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्र ही मिल रहे हैं। नामांकन पत्र बेचने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व न्यायालय और एडीएम सिटी न्यायालय में चार काउंटर लगाए गए। भीड़ के आने की आशंका पर सुबह से बल्लियां लगाकर बेरीकेडिंग कर दी गई।

एडीएम वित्त एवं राजस्व न्यायालय में नामांकन फार्म लेने को दावेदारों की दूर तक लाइन लगी थी। नामांकन पत्र लेने की होड़ में दावेदार एक-दूसरे के ऊपर पैर रखने के साथ कोरोना का डर भी भूले बैठे थे। चारों काउंटरों से 472 नामांकन फार्म बिके जबकि होली से पहले भी 70 नामांकन फार्म बिके थे। तीन अप्रैल से नामांकन शुरू होंगे, इसलिए दावेदार अभी तीन दिन और फार्म खरीद सकते हैं।

कलेक्ट्रेट के चार कक्षों में होंगे नामांकन, सूची टांगी गई
जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन कराने के लिए कलेक्ट्रेट में कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभी तक जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए जाते थे लेकिन इस बार नामांकन सिर्फ दो दिन होंगे और 60 सीटें हैं। इसलिए कलेक्ट्रेट में चार कक्षों में नामांकन कराने की व्यवस्था की गई है। अपर जिलाधिकारी नगर के न्यायालय कक्ष, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष के साथ अपर नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के कार्यालय में नामांकन होंगे।

नामांकन कक्षों की बात करें तो अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष संख्या-16 में 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 22, 23, 24 एवं 25 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल होंगे। अपर जिलाधिकारी नगर न्यायालय कक्ष संख्या-15 में 18, 19, 20, 21, 26, 27, 28, 29, 30, 31 एवं 32 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल होंगे। अपर नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष संख्या-14 में 1, 2, 3, 4, 49, 50, 51, 52, 53, 54, 55, 56, 57, 58, 59 एवं 60 वार्ड संख्या के नामांकन होंगे। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय कक्ष संख्या-13 में 33, 34, 35, 36, 37, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 45, 46, 47 एवं 48 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

मतदान केंद्र और मतदान स्थल की सूची फाइनल
जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव में मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्र और मतदान स्थल की सूची तैयार कर ली है। 15 ब्लॉकों की 1193 ग्राम पंचायतों में 1628 मतदान केंद्र और 3879 मतदान स्थल बनाए गए हैं। एक मतदान केंद्र में कितने बूथ बनाए हैं, इसकी भी सूची तैयार कर ली है। इसमें एक मतदान केंद्र ऐसा है, जिसमें आठ बूथ बनाए हैं। यह जनपद का सबसे बड़ा मतदान केंद्र है। इसके साथ चार मतदान केंद्र ऐसे भी हैं जिनमें सात मतदान बूथ बनाए गए हैं। 28 मतदान केंद्रों में छह बूथ बनाए हैं। 47 मतदान केंद्र में पांच बूथ बने हैं। 130 मतदान केंद्रों में चार बूथ बनाए गए हैं। 384 मतदान केंद्रों में तीन बूथ बनाए हैं।

प्रधानी के दावेदार बांट रहे घर-घर मिठाई के डिब्बे
अभी प्रधान पद के दावेदारों ने नामांकन नहीं कराया लेकिन वोटरों को लुभाने के लिए वे मोटी रकम खर्च कर रहे हैं। होली से पहले गांव-गांव दावेदार मिठाई के डिब्बे बांट रहे हैं। बिथरी चैनपुर ब्लॉक के कई गांवों में प्रत्येक घर में दो से तीन मिठाई के डिब्बे पहुंच रहे हैं। दावेदार मिठाई अपने घर पर तैयार करा रहे हैं। सभी ने हलवाई रख लिये हैं। पूड़ी-सब्जी भी परोसी जा रही है। केला, सेब और संतरे भी वोटरों के घर पहुंचने शुरू हो गए हैं। बालीपुर, कचौली, उगनपुर, नवदिया झादा, पुरनापुर समेत कई ऐसे गांव हैं, जहां रोज शाम को चुनावी सभाएं हो रही हैं।

ड़्यूटी न लेने वाले सहायक रिटर्निंग अफसर पर होगी एफआईआर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीके सिंह ने बताया कि पंचायतों के सामान्य निर्वाचन के लिए लगाई गई ड्यूटी व्यवस्था की समीक्षा में पाया गया है कि कुछ सहायक रिटर्निंग अफसरों ने अभी तक ड्यूटी प्राप्त नहीं की है। न ही कंट्रोल रूम द्वारा संपर्क करने पर फोन उठा रहे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यदि 31 मार्च की शाम 5 बजे तक समस्त संबंधित सहायक रिटर्निंग अफसरों द्वारा ड्यूटी प्राप्त कर 1 अप्रैल को संजय गांधी कम्युनिटी हाल में अपराह्न 3 बजे से प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया जाएगा तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

संबंधित समाचार