मुरादाबाद : सिविल लाइंस व कटघर में चोरों का आतंक, 11 लाख का माल पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस व कटघर क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बना लिया। सिविल लाइंस में कपड़ा व्यापारी के घर रखी अलमारी के लाकर को तोड़कर नकदी-जेवर समेत करीब साढ़े आठ लाख का माल चोरी कर लिया। जबकि कटघर क्षेत्र में निजी फर्म कर्मी के बंद घर को निशाना बनाकर चोर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस व कटघर क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बना लिया। सिविल लाइंस में कपड़ा व्यापारी के घर रखी अलमारी के लाकर को तोड़कर नकदी-जेवर समेत करीब साढ़े आठ लाख का माल चोरी कर लिया। जबकि कटघर क्षेत्र में निजी फर्म कर्मी के बंद घर को निशाना बनाकर चोर नकदी-जेवर समेत करीब ढ़ाई लाख का माल समेट ले गए।

गुरुवार को दोनों घटनाओं की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कपड़ा व्यापारी ने घर में काम करने वाले मजदूरों पर शक जताया। जिस पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की हालांकि वह ठोस जानकारी नहीं दे सके। दोनों मामलों में तहरीर दे दी गई है। पहली घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में टीडीआई कालोनी में हुई। यहां पर रहने वाले सुरजीत सिंह डोडा कपड़ा व्यापारी है। उनका साड़ियों की थोक बिक्री का काम है। पिछले कुछ दिनों से उनके घर में फर्नीचर का काम हो रहा है। जिस कारण अगवानपुर व हरथला के कारीगर घर में काम कर रहे हैं।

सुरजीत सिंह के अनुसार बुधवार को उनके पड़ोसी आए और दस-दस रुपए के नोटों की दो गड्डी मांगी। जिस पर उन्होंने अलमारी खोली तो वहां पर रुपए नहीं थे। शाम को जब उनका बेटा वापस आया तो रुपयों के संबंध में बात की। जिस पर बेटे ने भी जानकारी होने से इंकार कर दिया। सुरजीत सिंह के अनुसार उनकी मौजूदगी में बेटे ने जब अलमारी का लाकर खोला तो उनके होश उड़ गए। लाकर में रखे डेढ़ लाख रुपए और सोने-चांदी के करीब सात लाख के जेवर गायब थे। बारीकी से देखने पर मालूम हुआ कि चोरों ने पेचकस से लाकर खोला और बाद में उसे बंद कर दिया।

जिस पर उन्होंने गुरुवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर चोरी की जानकारी दी। साथ ही घर में काम कर रहे कारीगरों पर शक जताया। जिस पर पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद दोनों कारीगरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन वह सही जानकारी नहीं दे सके। पूछताछ में कारीगरों ने बताया कि 23 मार्च को एक दिन के लिए अगवानपुर से एक और कारीगर आया था। उन्होंने उस पर चोरी करने का शक जताया। कपड़ा व्यापारी सुरजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर दे दी है। पुलिस तीसरे कारीगर की तलाश कर रही है।

कटघर क्षेत्र में बंद घर को बनाया निशाना
मुरादाबाद। वहीं चोरों ने कटघर थाना क्षेत्र के बंद घर को निशाना बना लिया। ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर नकदी-जेवर समेत करीब ढ़ाई लाख का माल समेट ले गए। गुरुवार को पड़ोस में रहने वाले मकान मालिक के भाई जब पानी लेने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने भी मौका-मुआयना किया। घटना कटघर थाना क्षेत्र में सरस्वती विहार गोविंदनगर में हुई। यहां पर रहने वाले नितीश कुमार नोयडा में एक प्राइवेट फर्म में काम करते हैं। जिस कारण वह परिवार संग नोयडा में रहते हैं। यहां पर उनके मकान की देखरेख पड़ोस में रहने वाले भाई हर्ष कुमार करते हैं। बताते हैं कि बुधवार की रात को चोरों ने घर को निशाना बना लिया। ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरे व अलमारी के ताले भी तोड़ लिए।

आरोप है कि चोर घर में रखे पांच हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब ढ़ाई लाख का माल समेट ले गए। गुरुवार की सुबह हर्ष कुमार जब पानी लेने के लिए घर गए तो ताले टूटे देखकर होश उड़ गए। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिस पर उन्होंने भाई नितीश कुमार के साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले। पीड़ित ने कटघर थाने में तहरीर दे दी है।

संबंधित समाचार