महराजगंज: उम्मीदवारों के लिए नो-ड्यूज बनवाना बना चुनौती, चल रहा वसूली का खेल
महराजगंज,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने का सपना संजोए प्रत्याशियों के लिए अदेय प्रमाण पत्र (नो-ड्यूज) बनवाना एक चुनौती सा बन गया है। ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों को पहले नो-ड्यूज बनवाना पड़ रहा है। पंचायत चुनाव के लिए कई तरह के …
महराजगंज,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने का सपना संजोए प्रत्याशियों के लिए अदेय प्रमाण पत्र (नो-ड्यूज) बनवाना एक चुनौती सा बन गया है। ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों को पहले नो-ड्यूज बनवाना पड़ रहा है।
पंचायत चुनाव के लिए कई तरह के नो-ड्यूज (अदेय प्रमाण पत्र) नामांकन पत्र के साथ संलग्न करने पड़ रहे हैं। तो वहीं जनपद के विकास खण्ड नौतनवा में अदेय प्रमाण पत्र देने के नाम पर प्रधान, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों से खुलेआम वसूली करने की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अब ग्राम प्रधान क्षेत्र पंचायत और सदस्य के उम्मीदवारों को पहले अदेय प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा, जिसके बाद वह नामांकन पत्र खरीद सकेंगे। वहीं अदेय प्रमाण पत्र बनाने के लिए ब्लॉक मुख्यालय पर पांच काउंटर बनाये गये हैं। इसके बाद भी कुछ लोग ब्लॉक मुख्यालय के ईर्दगिर्द विभिन्न स्थानों पर बैठकर अदेय प्रमाण पत्र बेचने का कार्य कर रहे हैं।
अदेय प्रमाण पत्र देने के बदले ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्य के उम्मीदवार से 200 रुपए और जिला पंचायत का अदेय प्रमाण पत्र देने के नाम पर 480 रुपए की खुलेआम वसूली की जा रही है। जबकि इन अदेय प्रमाण पत्रो पर कोई शुल्क अंकित नहीं है।
जिला पंचायत सदस्य के अदेय प्रमाण पत्र पर 400 रुपए शुल्क लिखा गया है, लेकिन उनसे 80 रुपए अतिरिक्त लिये जा रहे हैं। इस खुलेआम हो रही वसूली को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। परंतु चुनाव को देखते हुए कोई कुछ जवाब सवाल नहीं कर पा रहा है। बताया गया कि रुपए लेने के बाद बिना किसी जांच-पड़ताल के अदेय प्रमाण पत्र दे दिया जा रहा है और रुपए न देने वालों को तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि अगर प्रत्याशियों का कोई बकाया राशि नहीं है तो उन्हें अदेय प्रमाण पत्र निशुल्क मिलना चाहिए, अदेय प्रमाण पत्र का कोई शुल्क नहीं होता है। परंतु यहां अदेय प्रमाण पत्र के नाम पर लूट मची हुई है और इसका शिकार संभावित उम्मीदवार हो रहे हैं।
वहीं इस संबंध में खंड विकास अधिकारी नौतनवा अनिल कुमार यादव ने बताया कि अदेय प्रमाण पत्र देने के लिए शुल्क लिए जाने की जानकारी हमें नहीं है और न ही कोई दिशा निर्देश प्राप्त हुआ है। अगर कोई शुल्क ले रहा है तो पता कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।
