बरेली: पंचायत चुनाव के लिए नामांकन कल से, कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बरेली,अमृत विचार। नामांकन शुरू होने के साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर गांव की राजनीति भी रफ्तार पकड़ लेगी। कल से जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के नामांकन शुरू हो जाएंगे। रविवार को नामांकन का अंतिम दिन होगा। जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन कलेक्ट्रेट और …
बरेली,अमृत विचार। नामांकन शुरू होने के साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर गांव की राजनीति भी रफ्तार पकड़ लेगी। कल से जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के नामांकन शुरू हो जाएंगे। रविवार को नामांकन का अंतिम दिन होगा। जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन कलेक्ट्रेट और अन्य तीन पदों के नामांकन खंड विकास कार्यालय में होंगे।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट और ब्लॉकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बेरीकेडिंग लगा दी गई हैं। अभी तक जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए जाते थे लेकिन इस बार 60 सीटों के नामांकन सिर्फ दो दिन होने हैं। इसलिए कलेक्ट्रेट में चार कक्षों में नामांकन कराने की व्यवस्था की गई है।
अपर जिलाधिकारी नगर के न्यायालय कक्ष, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष के साथ अपर नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के कार्यालय कक्ष में नामांकन होंगे। प्रत्येक कक्ष के सामने वार्डों की सूची भी टांग दी गई है।
नामांकन कक्षों की बात करें तो अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष संख्या-16 में 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 22, 23, 24 एवं 25 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल होंगे। अपर जिलाधिकारी नगर न्यायालय कक्ष संख्या-15 में 18, 19, 20, 21, 26, 27, 28, 29, 30, 31 एवं 32 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल होंगे।
अपर नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष संख्या-14 में 1, 2, 3, 4, 49, 50, 51, 52, 53, 54, 55, 56, 57, 58, 59 एवं 60 वार्ड संख्या के नामांकन होंगे। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय कक्ष संख्या-13 में 33, 34, 35, 36, 37, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 45, 46, 47 एवं 48 वार्ड संख्या के नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
18576 कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी
जनपद में 1628 मतदान केंद्र और 3879 मतदान स्थल बनाए गए हैं। 15 ब्लॉकों में 1193 ग्राम पंचायतें हैं। उसी हिसाब से मतदान संपन्न कराने के लिए 4644 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। मतदान प्रक्रिया में 18576 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 280 एआरओ और 15 आरओ के अलावा 30 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
