मुरादाबाद: बाहर से आने वाले लोगों की भी होगी कोरोना जांच, तभी कर सकेंगे मतदान
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोविड संक्रमण के दोबारा बढ़ते प्रकोप के चलते पंचायत चुनाव में बाहर से आने वालों मतदाताओं के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उनके लिए मतदान से पूर्व कोरोना टेस्ट करवाना अनिवार्य होगा। रिपोर्ट देख कर ही उन्हें वोट डालने दिया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी ने अपील की है कि संक्रमण रोकने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोविड संक्रमण के दोबारा बढ़ते प्रकोप के चलते पंचायत चुनाव में बाहर से आने वालों मतदाताओं के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। उनके लिए मतदान से पूर्व कोरोना टेस्ट करवाना अनिवार्य होगा। रिपोर्ट देख कर ही उन्हें वोट डालने दिया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी ने अपील की है कि संक्रमण रोकने की दिशा में बाहर से आने वाले लोग सहयोग करें। अपना टेस्ट अवश्य करवाएं, जिससे दूसरों तक संक्रमण न पहुंच सके।
बढ़ रहे कोरोना संक्रमण ने प्रशासनिक अधिकारियों की भी परेशानी बढ़ा दी है। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आने वाले बाहरी लोगों में अगर कोरोना का संक्रमण निकला तो काफी मुश्किल होगी। ऐसे में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निगरानी समितियों को निर्देशित किया है कि वे बाहर से आने वाले लोगों की हर दिन की सूचना दें। प्रत्याशी वोटरों को अभी से सूचना भेज रहे हैं। धीरे-धीरे लोगों का आना शुरू होगा। खासकर जहां कोरोना ज्यादा फैला है, उन राज्यों से आने वाले लोगों की जांच करवाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
इसी वजह से जिलाधिकारी का जोर है कि बाहर से आने वाले लोगों की जांच जरूर हो। लक्षण वालों का आरटीपीसीआर टेस्ट होगा। बिना लक्षण वालों का एंटीजन टेस्ट करवाया जाएगा। अधिक संक्रमण वाले राज्यों से आने वालों की सूची तैयार की जाएगी। जिस गांव में जितने लोग आएंगे, प्राथमिकता के आधार पर उनकी जांच होगी। जिलाधिकारी ने अपील की है कि बाहर से आने वाले मतदाता अपनी कोरोना जांच अवश्य करवाएं।
विदेश से भी वोट डालने आएंगे मतदाता
जनपद के कई मतदाता विदेश में भी रहते हैं। प्रत्याशी अभी से उनको फोन करके चुनाव में आने का न्योता भेजने लगे हैं। वे भी अपने मत का प्रयोग करने यहां आएंगे। इसके अलावा मुंबई, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा दिल्ली समेत कई राज्यों में भी मुरादाबाद के लोग काम-धंधे के सिलसिले में रहने लगे हैं। उन सभी की सही समय पर सूचना मिलना और टेस्ट करवाना, इस पर ज्यादा फोकस किया गया है, जिससे किसी भी सूरत में कोरोना न फैले। मुरादाबाद में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इससे पहले ही तमाम लोग यहां पहुंचेंगे। जनपद में पहुंचने पर सभी की कोविड जांच कराई जाएगी।
बाहर से आने वालों के टेस्ट करवाना चुनौती
बाहर से आने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट किसी चुनौती से कम नहीं है। कई बार लोग आ तो जाते हैं। लेकिन, निगरानी समितियों को पता भी नहीं चलता। ऐसे में उनमें से किसी को कोरोना का संक्रमण हुआ तो उनके संपर्क में आने वाले बाकी लोग भी संक्रमित हो सकते हैं। इसकी आशंका ज्यादा है। इसी वजह से निगरानी समितियों की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ा दी गई है। गांवों में भी दूत लगाए गए हैं, जो बाहरी लोगों की सूचना प्रशासनिक अफसरों को देंगे।
