अयोध्या: जहरीली शराब कांड में निवर्तमान प्रधान समेत आठ लोग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के थाना गोंसाईगंज क्षेत्र के त्रिलोकपुर दफ़्फ़रपुर में जहरीली शराब परोसने के आरोपी निवर्तमान प्रधान समेत आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। साथ ही जिस शराब से मौत होने की बात कही जा रही है पुलिस ने उसके 79 पौवे भी बरामद किए हैं। शनिवार को एसएसपी शैलेश …

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के थाना गोंसाईगंज क्षेत्र के त्रिलोकपुर दफ़्फ़रपुर में जहरीली शराब परोसने के आरोपी निवर्तमान प्रधान समेत आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। साथ ही जिस शराब से मौत होने की बात कही जा रही है पुलिस ने उसके 79 पौवे भी बरामद किए हैं।

शनिवार को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि दफ्फरपुर में निवर्तमान ग्राम प्रधान राजनाथ वर्मा ने गांव में होली के दिन पार्टी दी थी। जिसमें मछली और शराब परोसी गई थी। शराब पीने के बाद कुछ लोगों ने आंखों के सामने अंधेरा छाने तो कई को उल्टी दस्त की शिकायत हुई।

जिसके बाद कुछ को अम्बेडकरनगर तो तीन को अयोध्या जिलाचिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां दो की हालत गम्भीर होने पर रेफर कर दिया गया था। बुधवार को वीरेंद्र वर्मा पुत्र रामबुझारत वर्मा की मौत हो गयी और देर रात धर्मेन्द्र पुत्र मोतीलाल की भी मौत हो गयी। वहीं लालबहादुर पुत्र जयराम, राजेश पुत्र कल्पू, जयश्री पुत्र घुरहू प्रसाद, रामसुभावन वर्मा का इलाज चल रहा था।

इस मामले में गोंसाईगंज निरीक्षक इन्द्रेश यादव, उपनिरीक्षक राजेश कुमार तिवारी, आरक्षी अमित दूबे, आरक्षी बृजेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए विभागीय जांच के लिए आदेश दिए गए। वहीं पुलिस और एसओजी टीम नामजद आरोपियों की तलाश में लग गई थी।

एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि घटना में संलिप्त आठ अभियुक्तों को 79 पौवों, ब्लू लाइम अवैध अपमिश्रित शराब और एक वैगनआर कार के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा, संजय तिवारी, कोटेदार ह्दय कुमार तिवारी, राजू वर्मा, राकेश वर्मा, बच्चाराम, दीपक कुमार और मो. वैश अंसारी हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई की जद में सप्लायर, होगा खुलासा: एसएसपी
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह प्रकरण गिरफ्तारी तक ही सीमित नहीं है। निवर्तमान प्रधान तक ब्लू लाइम अपमिश्रित शराब पहुंचाने का कोर्डिनेटर भी गिरफ्तार किया गया है। शराब बनाने, पहुंचाने और कैरियर तक पुलिस पहुंचेगी। पूरी चेन पर नजर है। जल्द ही बड़ा खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार