बरेली में तेजी से बढ़ता कोरोना, एक दिन में रिकार्ड 120 संक्रमित
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को एक दिन में 120 संक्रमित मिलने से खलबली मच गई। बुधवार को 3483 लोगों की सैंपलिंग की गई। सीएम ने भी बरेली समेत 13 जिलों में जिला अधिकारी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय बनाकर नाइट कर्फ्यू …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को एक दिन में 120 संक्रमित मिलने से खलबली मच गई। बुधवार को 3483 लोगों की सैंपलिंग की गई। सीएम ने भी बरेली समेत 13 जिलों में जिला अधिकारी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय बनाकर नाइट कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए हैं।
बीते दिनों शासन की अतिसंवेदनशील इलाकों की सूची में जिला आठवें नंबर पर था। वहीं, बुधवार को एक साथ 120 संक्रमित मिलने के बाद हालात बिगड़ गए हैं। कुछ दिनों से रोजाना 60 से अधिक केस आ रहे थे लेकिन बुधवार को केस दोगुने हो गए।
जिला सर्विलांस अधिकारी रंजन गौतम ने बताया कि बुधवार को सामान्य से अधिक केस आए हैं। लोगों को सावधानी बरतनी होगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मंडलीय कोविड अस्पताल के अलावा दो अन्य मेडिकल कालेजों में बेड की संख्या को लेकर व्यवस्था के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
