कोलकाता: बेहाला में मिथुन को नहीं मिली रोड शो की अनुमति, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
कोलकाता। भाजपा को बृहस्पतिवार को शहर के बेहाला इलाके में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का रोडशो निकालने की अनुमति नहीं दी गयी जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक थाने के बाहर प्रदर्शन किया। मिथुन चक्रवर्ती हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहीं अभिनेत्री श्राबंती …
कोलकाता। भाजपा को बृहस्पतिवार को शहर के बेहाला इलाके में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का रोडशो निकालने की अनुमति नहीं दी गयी जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक थाने के बाहर प्रदर्शन किया। मिथुन चक्रवर्ती हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहीं अभिनेत्री श्राबंती चटर्जी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
प्रसिद्ध बांग्ला अभिनेत्री और भाजपा नेता चटर्जी ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने हमारे नेता मिथुन चक्रवर्ती को बिना किसी कारण के मेरे लिए प्रचार करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हमें प्रचार करने से रोकने के इस तरह के अलोकतांत्रिक कृत्यों से अपनी होने वाली हार को नहीं टाल सकती। क्या राज्य सरकार को सत्ता जाने का डर है?
भाजपा कार्यकर्ताओं ने परणाश्री थाने के सामने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा सूत्रों ने कहा कि शहर पुलिस ने बुधवार रात को जब रोडशो के आवेदन को निरस्त कर दिया तो पार्टी ने बेहाला इलाके में अभिनेता मिथुन को घर-घर जाकर प्रचार करने देने की अनुमति मांगी।
उन्होंने दावा किया कि अंतिम समय में इसकी इजाजत भी नहीं दी गयी। कोलकाता पुलिस ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। भाजपा उम्मीदवार ने बाद में विधानसभा क्षेत्र में रोडशो निकाला जिसमें मिथुन शामिल नहीं हुए। चटर्जी इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता और पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी के खिलाफ खड़ी हैं। हालांकि मिथुन चक्रवर्ती ने केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो के समर्थन में टॉलीगंज में रोडशो निकाला।
चक्रवर्ती ने इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के कारण का भी खुलासा किया है। हुगली के पांडुआ में जन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि वह केवल चुनाव अभियान में ही क्यों शामिल हो रहे हैं तथा वह क्यों नहीं विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली में मेरे ‘बिग बॉस’ ने कहा है कि मुझे ग्रामीण बंगाल के गरीब लोगों के लिए कुछ बुनियादी काम करने की जरुरत है जो पिछले कई वर्षाें से मेरा बहुत बड़ा सपना रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे अपने ग्रामीण लोगों के लिए कुछ बुनियादी सुविधाएं चाहिए, जैसे कि पूरे राज्य में सभी सामान्य इनडोर रोगियों के लिए वातानुकूलित सुविधा और बिजली शुल्क में कमी।
उन्होंने कहा कि अगर मेरे बच्चे को जन्म के दौरान वातानुकूलित किया जा सकता है तो सभी गरीब महिलाओं और माताओं को सामान्य अस्पतालों में ऐसी सुविधा हासिल होनी चाहिए। भाजपा नेता ने ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस की भी राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं करने के लिए तीखी आलोचना की तथा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलता है और इसमें क्या बुराई है।
