मुरादाबाद: बिना मानचित्र बन रही दुकानों को एमडीए ने किया सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एमडीए के छोटे अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते नगर में अवैध निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है। इस मुद्दे को अमृत विचार लगातार प्रमुखता से उठा रहा है, जिसको प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों द्वारा गंभीरता से लेते हुए एक बार फिर ऐसे निर्माण पर कार्रवाई की गई। इस बार प्राधिकरण …

मुरादाबाद, अमृत विचार। एमडीए के छोटे अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते नगर में अवैध निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है। इस मुद्दे को अमृत विचार लगातार प्रमुखता से उठा रहा है, जिसको प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों द्वारा गंभीरता से लेते हुए एक बार फिर ऐसे निर्माण पर कार्रवाई की गई। इस बार प्राधिकरण की टीम द्वारा मझोला के लाइनपार इलाके में बिना मानचित्र बन रही कई दुकानों को सील किया गया।

लाइनपार शिवाजी नगर स्थित कैल्टन स्कूल के पास महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा 40 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दो दुकानें, पवन कुमार द्वारा 15 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में एक दुकान, विकास कुमार द्वारा 42 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में दो दुकानें व अशोक कुमार द्वारा 45 वर्ग मीटर में दुकानों का निर्माण बिना मानचित्र के कराया जा रहा था। प्राधिकरण द्वारा निर्माणकर्ताओं को नोटिस भेजकर निर्माण रुकवाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस पर एमडीए सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने अवैध निर्माण को सील कराने के आदेश दिए, जिस पर गुरुवार को एमडीए की टीम ने मौके पर जाकर सभी दुकानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

एमडीए सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने कहा कि जनता से अपील है कि भविष्य में अपना कोई भी निर्माण मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही करवाएं, अन्यथा प्राधिकरण द्वारा इस तरह ही कार्रवाई की जाएगी।

जेसीबी ने उखाड़े तंबू, दुकानदारों से नोकझोंक
मुरादाबाद। नगर निगम ने प्रिंस रोड पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम की टीम से एक दुकानदार भिड़ गया। टीम ने जैसे ही उसकी दुकान के आगे से बोर्ड हटाना शुरू किया, उसने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान खासी तनातनी का माहौल पैदा हो गया। मामला तूल पकड़ा तो प्रवर्तन दल की टीम भी पहुंच गई। विरोध कर रहे दुकानदार पर सख्ती करते हुए टीम ने जुर्माना भी ठोंक दिया।

नगर निगम की टीम ने नाले पर बने तंबू उखाड़ना शुरू किया तो लोगों ने मोहलत मांगी। इस पर अधिकारियों ने सख्ती करते हुए मना दिया। सड़क पर रखे खोखों को हटाया गया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई कि अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जेसीबी के साथ अभियान में उतरी निगम की टीम ने कई स्थानों पर अस्थाई अतिक्रमण को हटाया।

कर अधीक्षक अब्दुल अजीम ने बताया कि करीब आठ दुकानदारों पर जुर्माना की कार्रवाई करते हुए उनसे तीन हजार रुपये की वसूली की गई है। इसके साथ ही कई और दुकानदार भी हैं, जिन्हें अल्टीमेटम दिया गया है। समय पर अतिक्रमण नहीं हटाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संपत्ति विभाग की टीम से राजीव लोचन पाठक, सचिन सक्सेना, अतीक मिर्जा, शाहवेज व प्रवर्तन दल से फिदा हुसैन आदि रहे।

संबंधित समाचार