बरेली: पकड़े जाने के बाद सचल दल से भिड़े नकलची
बरेली, अमृत विचार। दूसरी बार सामूहिक नकल पकड़े जाने के बाद बरेली कॉलेज की साख पर गहरा असर पड़ा है। बरेली कॉलेज में शुक्रवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय का जब सचल दल पहुंचा तो सामूहिक नकल कर रहे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आनन-फानन नकल की पर्चियां फेंकनी शुरू कर दीं। सचल दल ने दो …
बरेली, अमृत विचार। दूसरी बार सामूहिक नकल पकड़े जाने के बाद बरेली कॉलेज की साख पर गहरा असर पड़ा है। बरेली कॉलेज में शुक्रवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय का जब सचल दल पहुंचा तो सामूहिक नकल कर रहे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आनन-फानन नकल की पर्चियां फेंकनी शुरू कर दीं।
सचल दल ने दो छात्रों को पकड़ लिया तो दूसरे कक्ष से भी कई छात्र आ गए और शोर मचाकर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों ने सचल दल पर छोड़ने का दबाव भी बनाया, लेकिन सचल दल ने सख्ती कर कार्रवाई की। सचल दल की मानें तो पूरी परीक्षा में नकल हो रही थी। जिस कक्ष में छात्र पकड़े गए, वहां पर 20 से अधिक छात्र नकल कर रहे थे।
दिसंबर 2020 में भी एलएलबी की परीक्षाओं में बरेली कॉलेज में छात्रों ने हंगामा किया था। जिसके बाद से ही पुलिस तैनात की जाती है लेकिन नकल पर रोक नहीं लग पा रही है। इधर, सचल दल ने इन परीक्षा केंद्रों पर कोविड की सावधानियों संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं केंद्राध्यक्ष व कक्ष निरीक्षकों को उचित दिशा-निर्देश दिए और शासन द्वारा निर्गत मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
दूसरी बार दोनों महाविद्यालयों में पकड़ी नकल
सचल दल ने 26 मार्च को बरेली कॉलेज के परीक्षा भवन में सामूहिक नकल पकड़ी थी। उस वक्त 5 छात्रों पर कार्रवाई की थी। खंडेलवाल कॉलेज में ही 1 अप्रैल को सचल दल ने दो छात्रों को नकल के साथ पकड़ा था। यहां पर छात्र कॉपियों के बीच नकल छिपाए थे। इससे सवाल खड़े हो रहे हैं कि महाविद्यालयों में परीक्षा देने आने वाले छात्रों की कक्ष में पहुंचने से पहले चेकिंग नहीं की जाती है और सीसीटीवी कैमरों से मॉनटरिंग भी नहीं हो रही है। विधि संकायाध्यक्ष ने बताया कि बरेली कॉलेज में सामूहिक नकल पकड़े जाने और हंगामा करने व छोड़ने के लिए दबाव बनाने की रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेज दी है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले भी पकड़ा गया था छात्र
विश्वविद्यालय के सचल दल ने बरेली कॉलेज में जिन दो छात्रों को नकल के साथ पकड़ा, उनमें एक छात्र एक दिन पहले भी नकल के साथ पकड़ा गया था। उसे बरेली कॉलेज के सचल दल ने पकड़ा था और उसका यूएफएम फार्म भी भरा गया था लेकिन इसके बाद भी वह दूसरे दिन नकल लेकर पहुंच गया। दोनों दिन उसे मुख्य द्वार पर चेकिंग के दौरान नहीं पकड़ा गया।
