मुरादाबाद: लोगों में दिखा कोरोना का डर, 26 हजार यात्रियों ने रद की रेल यात्रा
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक बार फिर कोरोना का डर लोगों में दिखने लगा है। इसके चलते रेलयात्रियों ने यात्राओं को रद करना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में शाही स्नान से पहले ही हजारों रेलयात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा दिए हैं। हरिद्वार के लिए नौ दिनों में 26270 यात्रियों ने टिकट रद कराए हैं। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक बार फिर कोरोना का डर लोगों में दिखने लगा है। इसके चलते रेलयात्रियों ने यात्राओं को रद करना शुरू कर दिया है। हरिद्वार में शाही स्नान से पहले ही हजारों रेलयात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा दिए हैं। हरिद्वार के लिए नौ दिनों में 26270 यात्रियों ने टिकट रद कराए हैं। यात्रा रद करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। एक अप्रैल को हरिद्वार में चढ़ने-उतरने वाले यात्रियों की संख्या 1.62 लाख थी। आठ अप्रैल को आंकड़ा घटकर 1.36 लाख रह गया।
देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों का असर रेल सेवाओं पर एक बार फिर पड़ने लगा है। उत्तराखंड में कुंभ मेला इन्हीं आशंकाओं के चलते देरी से शुरू किया गया। जनवरी से शुरू होने वाले मेले को उत्तराखंड सरकार ने एक अप्रैल से नोटिफाइड किया। देरी से घोषणा के बावजूद कोरोना की रफ्तार बढ़ी तो स्नान के लिए ट्रेन से सीटें आरक्षित कराने वाले यात्रियों को भी डर सताने लगा। यही कारण है कि कुंभ में आखिरी शाही स्नान में पहुंचने वालों को यात्रा रद करनी पड़ी है। 12 व 14 अप्रैल को शाही स्नान पर ट्रेनों से पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या घटी है।
एक अप्रैल को यात्री संख्या 162000 थी। आठ अप्रैल को घटकर 1.36 लाख रह गई। 9 से 16 अप्रैल के बीच हरिद्वार में चढ़ने-उतरने वाले यात्री संख्या में लगातार फेरबदल हो रहा है। सात अप्रैल को हरिद्वार में 12 अप्रैल के लिए 22 हजार व 13 अप्रैल के लिए 20 हजार यात्रियों को रिजर्वेशन था, लेकिन 8 अप्रैल को 12 अप्रैल के लिए अब 21 हजार व 13 अप्रैल के लिए यात्री संख्या 19 हजार रह गई है।
