कुशीनगर: दिल दहलाने वाला हादसा- ट्रक-पिकअप में टक्कर, लगी आग, ड्राइवर-खलासी जिंदा जले
कुशीनगर, अमृत बिचार। बीती रात तेज रफ्तार पिकअप और फोरलेन क्रास कर रही ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों मे आग लग जाने की वजह से पिकप चालक व खलासी सहित चार भैसें मौके पर ही जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर पहुंचे लोग …
कुशीनगर, अमृत बिचार। बीती रात तेज रफ्तार पिकअप और फोरलेन क्रास कर रही ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों मे आग लग जाने की वजह से पिकप चालक व खलासी सहित चार भैसें मौके पर ही जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर पहुंचे लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग इस हादसे का वीडियो बनाने मे मशगूल दिखे लेकिन ड्राइवर और खलासी के जलकर राख होने तक किसी के हाथ इन दोनों की मदद के लिए आगे नहीं आया। यह दुर्घटना कुशीनगर के तरया सुजान थाना क्षेत्र के बनवरिया के सामने फोरलेन क्रॉसिंग पर हुई।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार से जा रही पिकअप और फोरलेन क्रॉस कर रही ट्रक के बीच आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो टक्कर होते ही ट्रक और पिकअप दोनों में आग लग गई। आग ने पिकअप के ड्राइवर और खलासी को भागने का मौका नहीं दिया। नतीजतन आग की चपेट में आकर ड्राइवर, खलासी और चार भैसें जलकर राख हो गईं।
आखों के सामने जिंदा लोगों को जलता देख लोग भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक आग की लपटें इतनी तेज हो चुकी थीं कि कोई भी मदद के लिए आगे नहीं बढ सका। मौके पर मौजूद लोगो ने आशंका जताई है कि आग में ड्राइवर और खलासी के अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ट्रक के फ्यूल टैंक से हुई सीधी टक्कर
लोगों के मुताबिक, आग लगने की वजह पिकअप की टक्कर सीधे ट्रक के फ्यूल टंकी से होना बताया जा रहा है। इस टक्कर के तुरंत बाद आग भड़क गई। पिकअप और ट्रक दोनों धू-धू कर जलने लगे। देर रात फोरलेन पर आवागमन कम होने के कारण तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम के साथ तमकुहीराज चौकी पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पिकअप में लदी चार भैसों सहित उसमें सवार ड्राइवर और खलासी की जलकर मौत हो चुकी थी।
लोगों का कहना है कि दुर्घटना में शायद एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है। पुलिस इसकी तहकीकात कर रही है। तमकुहीराज के चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के अवशेष के इकट्ठा कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव बुरी तरह जल चुके हैं। कागजात भी जल गए हैं। शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
