हल्द्वानी: वन विभाग के रिटायर्ड बड़े बाबू की जेब से 49 हजार उड़ाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग के रिटायर्ड बड़े बाबू की जेब से बदमाशों ने 49 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद बदमाश नैनीताल रोड की ओर भाग निकले। यह वारदात भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में स्थित डीएम कैंप से 50 मीटर दूर हुई। सोमवार को कलावती चौराहा निवासी रिटायर्ड वन कर्मी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग के रिटायर्ड बड़े बाबू की जेब से बदमाशों ने 49 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद बदमाश नैनीताल रोड की ओर भाग निकले। यह वारदात भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में स्थित डीएम कैंप से 50 मीटर दूर हुई।
सोमवार को कलावती चौराहा निवासी रिटायर्ड वन कर्मी 78 वर्षीय केसी सनवाल ने एसबीआई बैंक खाते से 50 हजार की नकदी निकाली। पांच-पांच सौ के नोटों की गड्डी में से अपने खर्च के लिए एक हजार रुपये कमीज की जेब में रख लिए।

बाकी रकम पेंट की बांयी जेब में रखी। इसके बाद वह पैदल-पैदल घर की ओर चल पड़े। जैसे ही वह पीएनबी बैंक के बराबर वाली गली में दाखिल हुए, पीछे से आए एक बाइक सवार ने उनकी टांगों पर हल्की टक्कर मार दी। इस बीच बाइक सवार का दूसरा साथी भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने माफी मांगते हुए पैंट पर लगी धूल साफ करने का झांसा देकर जेब से नोटों की गड्डी पर हाथ साफ कर दिया।

वारदात को अंजाम देकर बदमाश नैनीताल रोड की ओर निकल लिए। कुछ कदम आगे चलने पर बुजुर्ग को जेब में नोटों की गड्डी न होने का एहसास हुआ। इससे उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित बुजुर्ग अपने साथी को लेकर एसपी सिटी के पास पहुंचे और वारदात की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस का बदमाशों का हुलिया बताया। इसके साथ ही पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर सौंप बदमाशों का पता लगाने और नकदी रिकवरी की मांग की। एसएसआई कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

संबंधित समाचार