बरेली: संदिग्ध हालात में छात्र की मौत, हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। पूर्व प्रधान के बेटे का शव ननिहाल में कुंडे से लटका मिला। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या मौसेरे भाई ने की है। मकान के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। बेटे की मौत से प्रधान व उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पूर्व प्रधान का …
बरेली, अमृत विचार। पूर्व प्रधान के बेटे का शव ननिहाल में कुंडे से लटका मिला। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या मौसेरे भाई ने की है। मकान के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। बेटे की मौत से प्रधान व उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पूर्व प्रधान का आरोप है कि उनके साढ़ू का बेटा उनके बेटे से मकान के कारण रंजिश मानता था। वह कल बरेली आया था और हत्या करने के बाद भाग गया। पूर्व प्रधान का दावा है कि घटना स्थल से खून से लिखा बेटे का पत्र भी मिला है।
विशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव मझगवां निवासी रामौतार ने बताया कि उनकी ससुराल सुभाषनगर थाना क्षेत्र के पटेल बिहार में है। उनके कोई साला नहीं है। उनकी पत्नी दो बहने हैं। उनकी पत्नी का नाम इंद्रा देवी है। जबकि साली का नाम मधु है। मधु का परिवार शाहजहांपुर के तिलहर में रहता है।
रामौतार ने बताया कि उनका बेटा राजीव अपने नाना रामलाल और नानी राजकुमारी के पास बचपन से रह रहा था। इससे उनकी साली मधु का बेटा बबलू रंजिश मानने लगा। कई बार विवाद भी हुआ। रामौतार ने बताया कि दो दिन पहले उनका स्वास्थ्य गड़बड़ हो गया। तब उनकी सास राजकुमारी उन्हें देखने के लिए मझगवां गई थीं। पटेल विहार में राजीव अकेला था।
सोमवार को जब उनकी सास उनके घर से वापस आईं। तब देखा कि राजीव का शव फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद उन्होंने सूचना दी। तब वह गांव से बरेली पटेल विहार पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। बेटे की मौत से पूर्व प्रधान रामौतार उनकी पत्नी इंद्रा देवी का रो रोकर बुराहाल है। राजीव आईटीआई का छात्र था।
पत्र में खून से लिखा बबलू आया था
रामौतार ने बताया कि घटना स्थल से उन्हें एक पत्र मिला है। जिसमें खून से लिखा है कि बबलू आया था। उनका कहना है कि यह पत्र ही स्पष्ट करता है कि उनके बेटे की हत्या बबलू ने ही की है। पुलिस ने सुसाइड नोट अपने पास रख लिया है। इंस्पेक्टर सुभाषनगर ने बताया कि पत्र की जांच होगी तब पता चलेगा कि आखिर मामला क्या है। उन्होंने बताया कि अभी हत्या या आत्महत्या कहना गलत होगा।
मरने से पहले कैसे मिला मौका
हत्या से पहले राजीव का खून से लिखा एक पत्र पुलिस को मिला है। जिसमें उसने खून से लिखा है कि बबलू आया था। अब सवाल है कि हत्या से पहले उसे इतना मौका कैसे मिला जो पत्र पर लिख दिया कि बबलू आया था। वहीं दूसरी ओर पुलिस का मानना है हो सकता है कि राजीव को अर्ध बेहोशी हालात में छोड़कर आरोपी चला गया और उसके बाद आकर उसे फंदे पर लटका दिया हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मकान का है विवाद
पुलिस ने बताया कि राजीव अपनी नानी के पास पटेल विहार में रहता था। राजीव के पिता का कहना है कि इससे उनकी साली मधु का बेटा बबलू रंजिश मानता था। बबलू को डर था कि कहीं उनकी नानी मकान और अन्य प्रापर्टी राजीव के नाम न कर दें। इस बात की वजह से राजीव ने हत्या कर दी हो। पुलिस मामले की जांच हत्या और प्रापर्टी विवाद को लेकर कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग से मौत होने की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार राजीव की मौत फांसी लगने से हुई है। उसका विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। उसके एक हाथ पर ब्लेड से खुरचा हुआ है। अनुमान है कि राजीव ने ब्लेड से खुरचने के बाद सुसाइड नोट लिखा होगा। उसमें सिर्फ इतना ही लिखा है कि बबलू आया था। पुलिस पत्र में लिखे खून और लिखावट की भी जांच करेगी। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
