मुरादाबाद: पंचायत चुनाव में पहली बार प्रत्याशी ले रहे सोशल मीडिया का सहारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। जनपद में 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव होने हैं। उससे पहले जोर-शोर से प्रचार-प्रसार जारी है। खास बात यह है कि इस बार क्षेत्र में प्रचार के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशी सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप के साथ अन्य सोशल साइट पर प्रत्याशी अपने प्रचार का संदेश जनता को …

मुरादाबाद। जनपद में 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव होने हैं। उससे पहले जोर-शोर से प्रचार-प्रसार जारी है। खास बात यह है कि इस बार क्षेत्र में प्रचार के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशी सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप के साथ अन्य सोशल साइट पर प्रत्याशी अपने प्रचार का संदेश जनता को भेज रहे हैं। वहीं उनके समर्थक भी मतदाताओं को लुभाने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इतना ही नहीं फेसबुक पर लाइव वीडियो में दावेदार खुद की उपलब्धियां गिनाकर भारी मतों से जीत दिलाने की अपील कर रहे हैं।

पहले के समय में चुनाव का दौर शुरू होने पर प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए उनके घर-घर जाकर जनसंपर्क करते थे। लेकिन अब वक्त के साथ तकनीकी आने से वे इसका फायदा उठा रहे हैं। इस बार पंचायत चुनाव में प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया को अपने प्रचार का प्रमुख केंद्र बना लिया है।

फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्वीटर के साथ अन्य सोशल प्लेटफार्म पर सभी दावेदार और उनके समर्थक चुनाव की पोस्ट एक-दूसरे को खूब शेयर करने में लगे हुए हैं। इन पोस्ट के माध्यम से दावेदार व उनके समर्थक विकास की बातों के साथ अपने वादों का भी उल्लेख कर रहे हैं। ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक के दावेदार सोशल मीडिया को हथियार बनाकर अपने-अपने वोटरों को लुभाने में जी-जीन से जुट गए हैं ताकि इस बार उनके पक्ष में मतदान हो और बहुमत से जीत मिले। वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप भी जारी है। इस बार उम्मीदवार खुद को अव्वल साबित करने में कोई भी मौका हाथ से गंवाना नहीं चाहते हैं।

व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर भेजे जा रहे जीत दिलाने के संदेश
जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में व्हाट्सएप पर बने ग्रुप में चुनाव के दावेदार अपने पोस्टरों को खूब शेयर कर रहे हैं। एक ही ग्रुप में कई चुनावी दावेदार जुड़े हुए हैं। सभी अपने-अपने पक्ष की बातें लिखकर खुद को बेहतर प्रत्याशी साबित करने में जुटे हैं। ग्रुप के माध्यम से उसके सदस्यों को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इतना ही नहीं दावेदारों के समर्थक मतदाताओं के घर जाकर उनसे व्हाट्सएप नंबर लेकर उन्हें अपने ग्रुप में जोड़कर जीतने पर विकास कराने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।

आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी, खुद को अच्छा बताने का दावा
पंचायत चुनाव में चुनाव आयोग की आचार संहिता को लेकर की गई सख्ती के बाद प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया को प्रचार का हथियार बना लिया है। सोशल साइट फेसबुक व व्हाट्सएप के जरिए एक-दूसरे प्रत्याशियों की पोल खोलकर कीचड़ उछाली जा रही है। कई दावेदार कुछ ऐसे ही संदेश भेज रहे हैं। हर प्रत्याशी सोशल मीडिया पर मतदाताओं को लुभाने के लिए खुद को दूसरे से श्रेष्ट साबित करने में लगा है।

-सलमान खान

संबंधित समाचार