मुरादाबाद: गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, तीन दिन से था लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भगतपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से गायब युवक का शव बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में मिला। युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी। युवक का शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। भगतपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से गायब युवक का शव बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में मिला। युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी। युवक का शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। देर शाम आई रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हो गई। फिलहाल देर शाम तक अंतिम संस्कार में जुटे होने के कारण परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी थी।

घटना भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर की है। यहां पर रहने वाले सोमपाल सिंह खेती-किसानी करते हैं। उनके चार बेटे थे और सभी मजदूरी करते थे। बताते हैं कि सोमपाल ने किराए पर खेत लेकर गन्ने की फसल बोई थी। पिछले कुछ दिनों से सोमपाल बेटों संग गन्ने की खोदाई कर रहे थे। बताते हैं कि रविवार को उनके बेटे सोनू, अशोक और संजय उर्फ संजू खोदाई करने के बाद घर आ गए। इसके बाद संजय चक्की से आटा लाया और खेत में रखा फावड़ा लेने की बात कहकर घर से चला गया।

परिजनों के अनुसार देर शाम तक संजय वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। आनन-फानन में परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जब संजय का कोई सुराग नहीं लगा तो सोमवार को परिजनों ने भगतपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। बुधवार की सुबह संजय के चाचा संतराम गन्ने की खोदाई करने गए थे, अचानक बीच खेत में संजय का शव देखकर उनकी चीख निकल गई।

उन्होंने शोर मचाया तो तमाम ग्रामीण भी आ गए। संजय के गले में चोंट के निशान थे। उसके शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। वह लोग हत्या का आरोप लगाने लगे, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। देर शाम आई रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्ट हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। खबर लिखे जाने तक भगतपुर एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।

 

 

संबंधित समाचार