अयोध्या: पंचायत चुनाव- गांव की सरकार चुनने को उमड़ा जन सैलाब, गुम रही दो गज की दूरी
अयोध्या। गांव की सरकार चुनने के लिए गुरूवार को मतदाता निकले तो प्रत्याशियों का चेहरा भी खिलने लगा। दोपहर तक हर मतदान केंद्रों पर जबरदस्त लाइन रही। जिसके चलते कोविड 19 का प्रोटोकॉल हवा में रहा। जबकि आला अफसर शांति व्यवस्था के साथ ही मास्क और दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील करते …
अयोध्या। गांव की सरकार चुनने के लिए गुरूवार को मतदाता निकले तो प्रत्याशियों का चेहरा भी खिलने लगा। दोपहर तक हर मतदान केंद्रों पर जबरदस्त लाइन रही। जिसके चलते कोविड 19 का प्रोटोकॉल हवा में रहा। जबकि आला अफसर शांति व्यवस्था के साथ ही मास्क और दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील करते रहे। देर शाम तक चली वोटिंग से इस बार जनपद में मतदान सांय 5 बजे तक 61.12 प्रतिशत जा पहुंचा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पूरे अयोध्या जनपद में 890 मतदान केंद्र व 2710 बूथ बनाए गए थे। इस चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व भयमुक्त बनाने के लिए लगभग 8000 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए। जबकि मतदान कराने के लिए लगभग 13000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जनपद में जिला पंचायत सदस्य की 40 सीट है जिस पर विभिन्न दलों समर्थित व निर्दलीय 469 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
वहीं ग्राम प्रधान के 794 सीट के सापेक्ष 5753 प्रत्याशी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की कुल 1004 सीट है। 4937 प्रत्याशी मैदान में है जबकि 22 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 16 लाख 83 हजार से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। तीनों पदों के लिए कुल 14184 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। सुबह सबसे पहले जिला अधिकारी अनुज कुमार झा कलेक्ट्रेट सभागार में स्थापित जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम से चुनाव संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। सभी को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जनपद की व्यवस्था का जायजा लेने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के साथ रवाना हो गए।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत गुरूवार को हुए मतदान के तहत मिल्कीपुर क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों पर छिटपुट झड़पों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। हालांकि पुलिस प्रशासन के अलर्ट होने के चलते उपद्रवी एवं शरारती लोगों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। मिल्कीपुर ब्लाक क्षेत्र के डीली गिरधर मतदान केंद्र पर प्रधान पद प्रत्याशी शुभम के भाई सुधीर द्वारा एक मतदाता का मतपत्र पत्र छीनकर जबरिया अपने भाई के पक्ष में मतदान करने को लेकर अन्य प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं के बीच टकराव की नौबत आ गई।
हालांकि ग्रामीणों ने समूचे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस कर्मियों ने डंडा फटकार कर उपद्रव करने पर आमादा ग्रामीणों को मतदान केंद्र से खदेड़ा। हालांकि पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों के मौके पर पहुंचने के बाद शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो सका। इसके अलावा इनायत नगर थाना क्षेत्र के गोठवारा मतदान केंद्र पर भी जिला पंचायत सदस्य के समर्थकों के बीच मतदान को लेकर झड़प हुई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही एसपीआरए एवं एडीएम प्रशासन इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के साथ भारी पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। जहां अपनी निगरानी में मतदान संपन्न कराया। मतदान को लेकर मतदाताओं की काफी अच्छी भीड़ सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लग गई। मिल्कीपुर के अंजरौली मतदान केंद्र मतदाताओं की भारी भीड़ मतदान समाप्त होने के लिए निर्धारित समय शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र पर जमी रही जिसका कारण ग्रामीण मतदाताओं ने पोलिंग पार्टी के मतदान अधिकारियों की शिथिलता बताया।
हालांकि निर्धारित समय पूर्ण होते ही विद्यालय परिसर के बाहर जमा मतदाताओं की भीड़ को मतदान केंद्र परिसर में एकत्र करा लिया गया और उनका मतदान कराया गया। कमोबेश यही स्थिति हैरिंग्टनगंज और अमानीगंज विकासखंड ओके मतदान केंद्रों पर भी देखने को मिली। जहां मामूली बातों को लेकर भी प्रत्याशियों के समर्थक कहासुनी करते नजर आए किंतु पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के चलते उनके अरमानों पर पानी फिर गया और मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

मतदान केंद्र पर सफारी व स्कार्पियो को डीएम ने कराया सीज
जिलाधिकारी व एसएसपी सबसे पहले अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र सराय रासी में चल रहे मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिसके बाद विकास खण्ड पूराबाजार के मड़ना गए। वहां से पूराबाजार के रामपुर पुवारी के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। यहां जानकारी होने पर मतदाता को लेकर आए सफारी वाहन को सीज करने का आदेश दिया। इसी क्रम में अतिसंवेदनशील केंद्र मया बाजार के दलपतपुर, जरही व अन्य मतदानस्थलों का जायजा लेते हुए मतदाताओं से 2 गज की दूरी रखने तथा मास्क लगाए रखने की अपील कर मतदान अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मतदान केंद्रों के निरीक्षण व क्षेत्र भ्रमण के दौरान विकास खंड तारुन के ग्राम करिया चितावा में भी एक चार पहिया वाहन स्कॉर्पियो वाहन सीज करने के निर्देश दिए।
विकास खण्ड तारून के अन्तर्गत ग्राम पंचायत ऊचागाव, रामपुर भगन, दशरथपुर मे का भम्रण किया। सभी स्थलो पर कोविड-19 की गाइड लाइन का अनुपालन किये जाने का निर्देश डीएम व एसएसपी ने दिए। वहां से अधिकारियों का काफिला पूर्व माध्यमिक विद्यालय ड्योढ़ी, अति संवेदनशील देवई, प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव पहुंचकर कोविड गाइड लाइन के अनुपालन के लिए सख़्त लहजे में चेताया।
वहीं सीडीओ अयोध्या अनिता यादव का काफिला सोहावल ब्लॉक के कोला मतदानस्थल मिला। जहां सबकुछ शांतिपूर्ण चल रहा था। जिसके बाद सीडीओ मवई ब्लॉक की ग्राम पंचायत पूरे काजी के मतदान बूथ का भ्रमण किया। साथ ही कोविड-19 की गाइडलाइंस का शतप्रतिशत अनुपालन कराये जाने का निर्देश दिया। सीडीओ ने ग्राम पंचायत जरायल कला विकास खण्ड रूदौली के मतदान बूथ का भ्रमण किया यहां भी मतदाताओं में कोरोना को लेकर लापरवाही दिखी। कोविड-19 की गाइडलान का शतप्रतिशत अनुपालन कराये जाने का निर्देश दिया।
