बरेली: गंभीर कोरोना संक्रमित 75 और रेमिडिसीविर इंजेक्शन मिले सिर्फ 50
बरेली,अमृत विचार। गंभीर कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बरेली में अधिक है। 75 लोग कोरोना से गंभीर तरह से लड़ रहे हैं। इनके लिए सरकार ने बरेली को महज 50 रेमिडिसीविर इंजेक्शन भेजे हैं। शुक्रवार से रेमिडिसीविर इंजेक्शन लगना शुरु हो जाएगा। गुरुवार को 50 इजेक्शन का स्टॉक मंडलीय स्टोर में पहुंच गया है। मुख्य …
बरेली,अमृत विचार। गंभीर कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बरेली में अधिक है। 75 लोग कोरोना से गंभीर तरह से लड़ रहे हैं। इनके लिए सरकार ने बरेली को महज 50 रेमिडिसीविर इंजेक्शन भेजे हैं। शुक्रवार से रेमिडिसीविर इंजेक्शन लगना शुरु हो जाएगा। गुरुवार को 50 इजेक्शन का स्टॉक मंडलीय स्टोर में पहुंच गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि जिले में शासन की ओर से रेमिडिसीविर इंजेक्शन का स्टॉक आने से संक्रमितों के लिए उम्मीद जगी है। स्वास्थ्य विभाग की मांग पर शासन से इंजेक्शन आने से अफसरों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को 50 रेमेडिसविर में से 20 भोजीपुरा स्थित कोविड एल-3 अस्पताल, 10 रामपुर-दिल्ली हाईवे स्थित निजी मेडिकल कालेज, 10 पीलीभीत बाईपास स्थित कोविड एल-3 अस्पताल, छह एजाज नगर गौटिया स्थित मंडलीय कोविड अस्पताल व चार इंजेक्शन एक पेड निजी अस्पताल को दिए गए हैं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में कोरोना के गंभीर संक्रमण को देखते हुए अहमदाबाद से 25 हजार इंजेक्शन का स्टॉक मंगाया गया है, बताया जा रहा है कि स्टॉक से बरेली को 250-300 इंजेक्शन मिल सकते हैं। बता दें कि वर्तमान में करीब 75 संक्रमितों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है।
कई निजी अस्पतालों ने किया कोविड अस्पताल के लिए आवेदन, एक स्वीकृत
कोविड संक्रमितों के आंकड़े अब भयावह होते जा रहे हैं। वर्तमान में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जिले में अभी तक तीन मेडिकल कालेज, मंडलीय कोविड अस्पताल और दो पेड निजी अस्पताल हैं। सभी अस्पताल में अभी तक कुल 847 बेड हैं, लेकिन अब कुछ और निजी अस्पताल भी कोविड अस्पताल बनवाने की अनुमति के लिए स्वास्थ्य विभाग में आवेदन दे रहे हैं। गुरुवार को पीलीभीत बाईपास स्थित साईं सुखदा अस्पताल को पेड कोविड अस्पताल बनाने का आवेदन स्वास्थ्य विभाग ने स्वीकार कर लिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि साई सुखदा अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को निरीक्षण करने पर सभी व्यवस्थाएं सही मिलीं। अस्पताल में 20 बेड की उपलब्धता वाले कोविड संक्रमितों को भर्ती किया जा सकेगा। इनमें से 16 बेड पेड होंगे यानि यहां भर्ती होने वाले कोविड मरीजों को भुगतान करना होगा। चार बेड स्वास्थ्य विभाग के लिए निशुल्क रहेंगे।
