IPL 2021: क्रिस मॉरिस की तूफानी पारी से जीता राजस्थान, दिल्ली को तीन विकेट से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। आईपीएल की नीलामी में बिके सबसे महंगे खिलाड़ी क्रिस मॉरिस ने मात्र 18 गेंदों पर नाबाद 36 रन की जबरदस्त पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुरूवार को आईपीएल मुकाबले में मात्र दो गेंद शेष रहते तीन विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव …

मुंबई। आईपीएल की नीलामी में बिके सबसे महंगे खिलाड़ी क्रिस मॉरिस ने मात्र 18 गेंदों पर नाबाद 36 रन की जबरदस्त पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुरूवार को आईपीएल मुकाबले में मात्र दो गेंद शेष रहते तीन विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट (15 रन पर तीन विकेट) और मुस्ताफिजुर रहमान (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने कप्तान ऋषभ पंत (51) के अर्धशतक के बावजूद दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 147 रन ही बना सकी। रॉयल्स की सटीक गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि दिल्ली की पारी में एक भी छक्का नहीं लगा।

राजस्थान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान संजू सैसमन सहित अपने शीर्ष चार बल्लेबाज मात्र 36 रन तक गंवा दिए थे। राजस्थान ने अपना पांचवां बल्लेबाज 42 के स्कोर पर गंवाया। डेविड मिलर ने फिर राहुल तेवतिया के साथ छठे विकेट की अविजित साझेदारी में 48 रन जोड़े। तेवतिया 17 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 19 रन बनाकर आउट हुए। डेविड मिलर ने 43 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों के सहारे 62 रन ठोके लेकिन फिर वह सातवें बल्लेबाज के रूप में टीम के 104 के स्कोर पर आउट हो गए।

मैदान पर उतरे मौरिस ने अपनी कीमत का सम्मान रखते हुए 19वें ओवर में कैगिसो रबादा पर दो छक्के और आखिरी ओवर में टॉम करेन पर दो छक्के लगाकर मैच समाप्त कर दिया। उनादकट ने सात गेंदों पर नाबाद 11 रन में एक छक्का लगाया। राजस्थान ने इस तरह दो मैचों में अपनी पहली जीत हासिल की जबकि दिल्ली को दो मैचों में पहली हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान ने 19.4 ओवर में सात विकेट पर 150 रन बनाकर मैच समाप्त किया। रॉयल्स की टीम ने डेविड मिलर (62) और मौरिस (18 गेंद में नाबाद 36 रन, चार छक्के) की तेजतर्रार पारियों से 19.4 ओवर में सात विकेट पर 150 रन बनाकर जीत दर्ज की।

इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। उनादकट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने पहले तीन ओवरों में दिल्ली के शीर्ष तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। कप्तान ऋषभ पंत ने 32 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली जिससे दिल्ली की टीम कुछ लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच सकी।

ललित यादव ने 20, टॉम करेन ने 23और क्रिस वोक्स ने नाबाद 15 रन बनाकर दिल्ली के स्कोर को कुछ सम्मान दिया। मार्कस स्टॉयनिस खाता खोले बिना मुस्ताफिजुर रहमान का शिकार बने। रविचंद्रन आश्विन सात रन बनाकर रन आउट हुए जबकि कैगिसो रबादा नौ रन बनाकर नाबाद रहे। पंत ने ललित यादव के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। उनादकट ने पारी के अपने दूसरे और अपने पहले ओवर में पृथ्वी शॉ (2) को , अगले ओवर में शिखर धवन (9) को और फिर अजिंक्या रहाणे (8) को आउट कर दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया। स्टॉयनिस चौथे बल्लेबाज के रूप में टीम के 37 के स्कोर पर आउट हुए।

इसके बाद पंत ने दिल्ली की पारी को ललित यादव के साथ संभाला लेकिन अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद वह रियान पराग के थ्रो पर रन आउट हो गए। ललित यादव टीम के 100 के स्कोर पर आउट हुए। टॉम करेन दिल्ली के 128 और रविचंद्रन अश्विन 136 के स्कोर पर आउट हुए। राजस्थान की तरफ से उनादकट ने 15 रन पर तीन विकेट, मुस्ताफिजुर ने 29 रन पर दो विकेट और मौरिस ने 27 रन देकर एक विकेट लिया।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने मैच के बाद कहा, ”मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने काफी अच्छी शुरुआत की लेकिन अंत में हमने उन्हें (रॉयल्स के बल्लेबाजों को) हावी होने का मौका दिया। हम बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे।” पंत ने कहा कि उनके गेंदबाजों को ओस के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ”ओस काफी अधिक थी। मुझे लगता है कि हमने 15 से 20 रन कम बनाए। लेकिन इस मैच के कुछ सकारात्मक पक्ष रहे, गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की। उम्मीद करते हैं कि भविष्य में हम जीत दर्ज करने में सफल रहेंगे। मुझे लगता है कि दूसरी पारी में पहली पारी की तुलना में अधिक ओस थी जिसके कारण हमें कुछ अलग करना पड़ा क्योंकि धीमी गेंद रुककर नहीं आ रही थी।”

वहीं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने कहा कि 42 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद उन्हें जीत की राह मुश्किल लग रही थी। सैमसन ने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो 40 रन पर पांच विकेट गंवने के बाद मैंने सोचा कि अब मुश्किल होगी। हमारे पास मिलर और मौरिस थे लेकिन मैंने सोचा कि यह मुश्किल होगा। मैं अंदर बैठकर प्रार्थना कर रहा था कि मौरिस तुम एक छक्का और मार दो।”

संबंधित समाचार