पांच दशक के सीमा विवाद में भिड़े यूपी-हरियाणा के किसान, फायरिंग और पथराव में एक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनीपत। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच सीमा-विवाद में शुक्रवार को सोनीपत जिला के गांव खुर्मपुर के पास जमकर गोलियां चलीं एवं पथराव हुआ जिसमें गोली लगने से जिला बागपत के गांव नंगला बहलोलपुर के किसान की मौत हो गई। यमुना नदी क्षेत्र में लंबे समय से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों …

सोनीपत। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच सीमा-विवाद में शुक्रवार को सोनीपत जिला के गांव खुर्मपुर के पास जमकर गोलियां चलीं एवं पथराव हुआ जिसमें गोली लगने से जिला बागपत के गांव नंगला बहलोलपुर के किसान की मौत हो गई।

यमुना नदी क्षेत्र में लंबे समय से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच करीब पांच दशक से सीमा-विवाद चल रहा था। सोनीपत के खुर्मपुर और बागपत के नंगला बहलोलपुर के ग्रामीणों के बीच भी करीब 250 एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। जिसमें कई बार झगड़ा हो चुका है। झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग घायल भी हो चुके हैं।

अब फिर से जमीन पर बिजाई की गई गेहूं की फसल को काटने को लेकर विवाद था। जिसे लेकर नंगला बहलोलपुर के किसानों ने सोनीपत के उपायुक्त को ज्ञापन दिया था। जिस पर प्रशासन की मौजूदगी में गुरुवार को नंगला बहलोलपुर के किसानों ने 70 एकड़ गेहूं की फसल की कटाई की थी।

आज सीमा विवाद को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण फिर से एकत्रित हो गए। बाद में हुए झगड़े में दोनों पक्षों की तरफ से जमकर गोलियां चलायी गयीं और पथराव किया गया। गोलीबारी में नंगला बहलोलपुर के किसान अनिल (42) को गोली लग गई। उसे गंभीर हालत में सोनीपत के बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुर्मपुर के किसानों के बुलेटप्रूफ ट्रैक्टर पर भी कई गोलियां बरसाई गई हैं। कुंडली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल हालांकि अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार