बरेली: रमजान के पहले जुमे में मांगी कोरोना खात्मे की दुआ
बरेली, अमृत विचार। रमजान का पहला जुमा रोजेदारों ने अल्लाह की इबादत में गुजारा। शहर की प्रमुख दरगाहों, खानकाहों व मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। सभी जगह मस्जिदों के इमामों ने रमजान की फजीलत बयान कर कोरोना खात्मे की दुआ की। कोविड.19 का पालन करते हुए अधिकांश मस्जिदों में सफे (चटाई) व …
बरेली, अमृत विचार। रमजान का पहला जुमा रोजेदारों ने अल्लाह की इबादत में गुजारा। शहर की प्रमुख दरगाहों, खानकाहों व मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। सभी जगह मस्जिदों के इमामों ने रमजान की फजीलत बयान कर कोरोना खात्मे की दुआ की। कोविड.19 का पालन करते हुए अधिकांश मस्जिदों में सफे (चटाई) व तौलिया हटा दी। इमामों ने मुख्तसर (छोटा) खुत्बा दिया। नमाजी घरों से वजू करके सुन्नते पढ़ने के बाद मस्जिदों में पहुंचे।
किला स्थित जामा मस्जिद, दरगाह आला हजरत, खानकाह-ए-नियाजिया, दरगाह शाह शराफत मियां, दरगाह वली मियां, दरगाह शाहदाना वली, जसोली की पीराशाह मस्जिद, मलूकपुर की मुफ्ती आजम मस्जिद, पुराना शहर की मिर्जाई मस्जिद, 6 मीनारा मस्जिद, नूरानी मस्जिद, हबीबिया मस्जिद, गौसिया मस्जिद, कलंदर शाह मस्जिद, करोलान की आला हजरत मस्जिद, कचहरी वाली मस्जिद, चौकी चौराहा की मस्जिद, जखीरा की इमली वाली मस्जिद, कंगी टोला की नूरी मस्जिद, बिहारीपुर की मस्जिद बीबी जी की मस्जिद में शुक्रवार को दोपहर 12.30 से 3.30 बजे तक जुमे की अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई।
दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने सहरी की फजीलत बयान करते हुए कहा कि सहरी खाया करो, इसमें बरकत है। ये नबी-ए-करीम की सुन्नत है। हालांकि सहरी रोजे के लिए शर्त नही है, सहरी के बगैर भी रोजा हो सकता है।
आखिर में मुफ्ती अहसन मियां ने दुनियाभर से कोरोना जैसी बीमारी के खात्मे की दुआ करते हुए कहा कि लगातार दूसरा साल है कि मुसलमान रमजान में पूरी तरह से इबादत नहीं कर पा रहा है। देश एक बार फिर लाकडाउन की तरफ बढ़ रहा है। रोजेदार भी अपने रब की बारगाह में गुनाहों की माफी मांगें। अल्लाह बड़ा करीम है, वो हमारी दुआ जरूर कुबूल करेगा। जल्द ही कोरोना वायरस का दुनियाभर में खत्मा होगा। इस मौके पर मुफ्ती सलीम नूरी, मुफ्ती कफील हाशमी, मौलाना बशीर उल कादरी, मौलाना जाहिद रजा, औरंगजेब नूरी, मंजूर खान, शाहिद नूरी, अजमल नूरी, परवेज नूरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मस्जिदों के बाहर मास्क बांट कर सावधानी बरतने की दी सलाह
रजा फोर्स ने शुक्रवार को बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर शहर की मस्जिदों व मुख्य चौराहों पर लोगों को मास्क वितरण कर सावधानी बरतने की सलाह दी। रजा फोर्स प्रभारी यूनुस गद्दी ने अपनी टीम के साथ मलूकपुर की मुफ्ती आजम हिन्द मस्जिद, जसोली चौराहा, मलूकपुर चौकी पर जागरूकता अभियान चलाते हुए मास्क बांटे। इस मौके पर उनके साथ इरशाद रजा, समीर रजा, जुनैद खान, साकिब रजा, फैज कुरैशी आदि लोग मौजूद रहे।
जरूरतमंद रोजदारों के लिए शुरू हुई रमजान हेल्पलाइन सेवा
जरूरतमन्द रोजदारों को सहरी और इफ्तार के लिए काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए समाज सेवा मंच ने रमजान हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। समाज सेवा मंच के अध्यक्ष समाजसेवी नदीम शम्सी ने बताया कि यह सेवा कार्य है, रमजान का महीना नेकियों को कमाने का महीना है। एक नेकी के बदले 70 नेकी का सवाब मिलता हैं, इसलिए दिल खोलकर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करें।गुरुवार को मंच की टीम ने सीबीगंज, पुराना शहर, सैलानी और गरीब बस्तियों में जाकर रोजेदारों को इफ्तार और सहरी का सामान दिया। वही कुछ जरूरतमंद लोगों की आर्थिक मदद भी की।

इस मौके पर जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खान वारसी, मंच के पदाधिकारी शेखर अग्रवाल, नवेद, शिवम शुक्ला, समूह खान, साजिद खान, रजत अग्रवाल, शादाब नियाज, जुबैर शमसी आदि शामिल रहे।
