बरेली: बीएएमएस और नर्सिंग समेत सभी परीक्षाएं स्थगित
बरेली,अमृत विचार। एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने शासन के निर्देश पर पहले से संचालित बीएएमएस, बीएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल व अन्य सभी परीक्षाओं को 15 मई तक स्थगित कर दिया है। इसके अलावा सेमेस्टर परीक्षाएं सम्पन्न होने के बाद हो रहीं सभी प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। मुख्य परीक्षाएं 1 मई से …
बरेली,अमृत विचार। एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने शासन के निर्देश पर पहले से संचालित बीएएमएस, बीएससी नर्सिंग, पैरामेडिकल व अन्य सभी परीक्षाओं को 15 मई तक स्थगित कर दिया है। इसके अलावा सेमेस्टर परीक्षाएं सम्पन्न होने के बाद हो रहीं सभी प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। मुख्य परीक्षाएं 1 मई से प्रस्तावित थीं लेकिन अब इनका नया कार्यक्रम शासन के अगले दिशा-निर्देशों के बाद ही जारी किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने बताया कि विशेष सचिव उच्च शिक्षा के पत्र और कुलपति के आदेश के बाद कोविड 19 के बढ़ते प्रकोप के चलते विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही परीक्षाओं व प्रयोगात्मक परीक्षाओं को अग्रिम आदेश तक स्थगित किया जाता है।
बता दें कि विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू हुई थीं और परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चली थीं। जिस वक्त परीक्षाएं संचालित हो रही थीं, उस दौरान कोरोना संक्रिमतों की संख्या काफी कम थी। परीक्षाओं के दौरान कोरोना नियमों का पालन करना जरूरी था लेकिन ऐसा नहीं हो रहा था। परीक्षा कक्ष में तो कुछ हद तक छात्रों के बीच सामाजिक दूरी का पालन हो रहा था लेकिन छात्र मास्क नहीं लगा रहे थे।
इसके अलावा परीक्षा शुरू होने से पहले और परीक्षा छूटने के बाद भीड़-भाड़ जमा हो रही थी। छात्र न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे और न ही मास्क लगा रहे थे। इसकी वजह से कोरोना फैलने का भी खतरा बना हुआ था।
दूसरी तरफ शासन का निर्देश जारी होने के बाद विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षाएं आयोजित कराने की भी तैयारी शुरू कर दी थी।
1 मई से स्नातक और 8 मई से परास्नातक की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया था। उसके बाद से लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही थी। दैनिक ‘अमृत विचार’ ने भी परीक्षाओं के दौरान कोरोना फैलने की आशंका जाहिर करते हुए परीक्षाओं पर खतरा मंडराने की खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद शासन ने परीक्षाएं स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया।
