बंगाल विधानसभा चुनाव LIVE: पांचवें चरण का मतदान जारी, 3 बजे तक 69.70 प्रतिशत वोटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 45 सीटों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार सुबह सात बजे मतदान आरंभ हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह लंबी कतारें देखी गईं और इस दौरान कोविड-19 से बचाव संबंधी उपायों का पालन करते हुए मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। इस …

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 45 सीटों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार सुबह सात बजे मतदान आरंभ हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह लंबी कतारें देखी गईं और इस दौरान कोविड-19 से बचाव संबंधी उपायों का पालन करते हुए मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। इस चरण में मतदान के योग्य करीब एक करोड़ मतदाता 342 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।

LIVE UPDATES-

3 बजे तक 69.40 प्रतिशत मतदान
पश्चिम बंगाल चुनाव में विधानसभा के पांचवें चरण में अपराह्न तीन बजे तक 69.40 प्रतिशत मतदान हुआ है।

1 बजे तक 54.67 प्रतिशत वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में 1 बजे तक 54.67 प्रतिशत मतदान हुआ है।

हिंसा की छिटपुट घटनाएं आईं सामने
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए शनिवार को जिन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है वहां से हिंसा की कुछ छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं। बिधाननगर के शांतिनगर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मतदाताओं को मतदान के लिए जाने से रोकने का आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं ने ईंट और पत्थर फेंके जिसमें आठ लोग घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए केंद्रीय बलों की एक टुकड़ी घटनास्थल पर भेजी गयी।

ईसी ने पोलिंग एजेंट की मौत पर रिपोर्ट मांगी
चुनाव आयोग (ईसी) ने पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना के कामरहटी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र 107 पर अभिजीत सामंता के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पोलिंग एजेंट की मौत पर रिपोर्ट मांगी है। विधाननगर के अंतर्गत शांतिनगर में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई।

मतदान के दौरान भाजपा के बूथ एजेंट की मौत
उत्तर 24 परगना जिले में शनिवार को एक मतदान केन्द्र पर बीमार पड़ने के बाद भाजपा के बूथ एजेंट की मौत हो गई। कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्र संख्या 107 पर भाजपा के एजेंट अभिजीत सामंत मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटों के अंदर बीमार पड़ गए। सामंत को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। मतदान केन्द्र पर कतार में खड़े मतदाताओं ने आरोप लगाया कि सामंत ने सीने में दर्द की शिकायत और उल्टियां की, लेकिन चुनाव अधिकारियों और केन्द्रीय बलों के कर्मियों ने उनकी सुध नहीं ली।

11 बजे तक 36.02 प्रतिशत वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में 11 बजे तक 36.02 प्रतिशत मतदान हुआ है।

सुबह नौ बजे तक 16.15 प्रतिशत वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में सुबह 9 बजे तक 16.15 फीसदी मतदान हुआ है। 6 जिलों में से सबसे ज्यादा जलपाईगुड़ी में 18.65 मतदान हुआ है। इसके अलावा कालिम्पोंग, दार्जिलिंग, उत्तर 24 परगना, पूर्वी बर्धमान, नदिया में क्रमश: 14 फीसदी, 14.73 फीसदी, 15.13 फीसदी, 16.06 फीसदी, 16.45 फीसदी मतदान हुआ है।

मोदी ने लोगों से भारी संख्या में मतदान की अपील की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत शनिवार को हो रहे मतदान में भारी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल में आज पांचवें चरण के चुनाव के तहत हो रहे मतदान में मैं सभी से बड़ी संख्या में मतदान का आग्रह करता हूं। खासकर, पहली बार मतदान करने वाले मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें।’’

इसके अलावा दो लोकसभा सीटों और मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तराखंड सहित कई राज्यों की 14 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए भी शनिवार को मतदान हो रहा है। चौथे चरण के चुनाव में हुई हिंसा को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पिछले चरण में मतदान के दौरान कूच बिहार जिले में हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चार लोगों की मौत केंद्रीय बलों की गोलीबारी में हुई थी। एक अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए केंद्रीय बलों की कम से कम 853 कंपनियां तैनात की है।

संबंधित समाचार