बरेली में भी ऑक्सीजन को लेकर संकट गहराया
बरेली, अमृत विचार। कोविड संक्रमण को लेकर बरेली के हालात खराब होते जा रहे हैं। सैकड़ों संक्रमित रोज निकल रहे हैं। संक्रमितों की मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में ऑक्सीजन की खपत बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में संक्रमितों को ऑक्सीजन दी जा रही है। संक्रमितों का आंकड़ा 4000 पार …
बरेली, अमृत विचार। कोविड संक्रमण को लेकर बरेली के हालात खराब होते जा रहे हैं। सैकड़ों संक्रमित रोज निकल रहे हैं। संक्रमितों की मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में ऑक्सीजन की खपत बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में संक्रमितों को ऑक्सीजन दी जा रही है। संक्रमितों का आंकड़ा 4000 पार पहुंच गया है।
अभी तक जनपद के अस्पतालों में 25 टन ऑक्सीजन की खपत प्रतिदिन हो रही है। जबकि 17 टन ऑक्सीजन उपलब्ध रहती है। माना जा रहा है कि संक्रमितों की जिस तेजी से संख्या बढ़ रही है। उससे एक दो दिन में ऑक्सीजन की खपत 40 टन पहुंच जाएगी।
खपत और उपलब्धता के अनुसार देखा जाए तो ऑक्सीजन का संकट अभी से गहरा रहा है। आगे स्थिति बिगड़ी तो ऑक्सीजन का संकट और गहरा सकता है। इससे आईसीयू और वेंटीलेटर के संक्रमितों की दिक्कतें बढ़ जाएगी। हालांकि, खपत के अनुसार 300 बेड अस्पताल, जिला अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता बरकरार रखने के लिए जिला प्रशासन ने शासन को मांग भेज दी है। ऑक्सीजन की खपत की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
सहायक आयुक्त औषधि संजय कुमार के कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शासन ने बरेली को जल्द ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को सिलेंडर उपलब्ध करा दिए हैं। एक दो दिन में सिलेंडर मिल सकते हैं। बरेली में परसाखेड़ा, फरीदपुर में तीन ऑक्सीजन प्लॉट लगे हैं। इन्हीं से अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है लेकिन खपत के अनुसार तीनों प्लॉटों में ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं हो रहा है।
सूत्रों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने ऑक्सीजन प्लांटों की निगरानी शुरू कर दी है। इसके साथ ऑक्सीजन के गोदामों को भी चेक किया जा रहा है। ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।
“बरेली में खपत के अनुसार ऑक्सीजन की मांग शासन को भेजी गई है। कई बैठकों में भी ऑक्सीजन की उपलब्धता का मामला उठा है। मेरे स्तर से भी शासन को अवगत कराया गया है।” -मनोज कुमार, नोडल अधिकारी (कोविड)
