बरेली: सराफा कारोबारियों में रार, कुछ बंद तो कुछ खुल रहीं दुकानें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की बेकाबू होती रफ्तार पर योगी सरकार ने ब्रेक लगाने के लिए वीकेंड लाकडाउन का ऐलान किया है। इसके तहत अब शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक कर्फ्यू रहेगा। उससे पहले ही कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सराफा व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से सप्ताह में तीन दिन कारोबार बंद रखने …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की बेकाबू होती रफ्तार पर योगी सरकार ने ब्रेक लगाने के लिए वीकेंड लाकडाउन का ऐलान किया है। इसके तहत अब शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक कर्फ्यू रहेगा। उससे पहले ही कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सराफा व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से सप्ताह में तीन दिन कारोबार बंद रखने का दो दिन पहले एलान किया था। लेकिन मंगलवार को तमाम कारोबारियों में असमंजस की स्थिति दिखी। सहालग का सीजन देखकर तमाम कारोबारियों ने दुकाने खोली रखीं। इनका तर्क यह था एसोसिएशन की तरफ से लिए गए फैसले की जानकारी अब तक उनको नहीं दी गई है। इसलिए दुकानें पहले की तरह खुलते रहेंगी।

रविवार को बरेली सराफ एसोसिएशन और महानगर सराफ एसोसिएशन ने संयुक्त निर्णय लेकर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दुकानें बंद रखने का ऐलान किया था। उसके बावजूद सोमवार को शहर में अधिकांश सराफा की दुकानें खुली रहीं। माना जा रहा था एसोसिएशन की अपील पर मंगलवार को सराफा बाजार पूरी तरह बंद रहेगा, लेकिन दूसरे दिन भी यह ऐलान बेअसर रहा। आधी से ज्यादा दुकानें खुलीं। यहां लोगों ने जमकर खरीदारी भी की।

जिन कारोबारियों की दुकानें खुली थीं, उसमें कईयों का कहना था उनको एसोसिएशन की तरफ से दुकानें बंद रखने की कोई जानकारी नहीं दी गई हैं। वहीं, कुछ एक कहना था कि कोविड गाइडलाइन का पालन करने के सभी ठोस इंतजाम किए गए हैं। इसलिए दुकान खोली गई। अगर सहालग सीजन में दुकान बंद रखी तो नुकसान की भरपाई मुश्किल से हो सकेगी।

कोरोना को हराने के लिए सराफा बाजार बंद रखने की पहल सराहनीय है। इससे इसकी चेन तोड़ने में सहूलियत रहेगी। सभी व्यापारी भाइयों से अपील है एसोसिएशन के निर्णय पर एकता का परिचय देकर कोरोना को हराने के लिए साथ आएं। -संदीप अग्रवाल मिंटू, अध्यक्ष, बरेली सराफा एसोसिएशन

जान है तो जहान है। इसलिए कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए एसोसिएशन ने सप्ताह में तीन दिन दुकानें बंद रखने का ऐलान किया है। 90 फीसदी सराफा दुकानें बंद हैं। एक दो प्रतिशत दुकानें खुल रही हैं, वहां के सराफा व्यापारियों से दुकान बंदी को लेकर फिर अनुरोध किया जाएगा। -संजीव औतार, मंत्री, बरेली महानगर सराफा एसोसिएशन

संबंधित समाचार