बरेली: 60 लाख का कपड़ा और साड़ियां गायब, ट्रक चालक भी लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सूरत से बरेली लाखों का कपड़ा और साड़ियां लेकर आ रहा ट्रक रास्ते में गायब हो गया। भरतपुर में उसने आखिरी बार टोल टैक्स दिया था। इसके बाद चालक का ट्रांसपोर्ट और कपड़ा मालिक से अब तक कोई संपर्क नहीं हो सका। तलाश करने के बाद पुलिस की मदद से ट्रक कैंट …

बरेली, अमृत विचार। सूरत से बरेली लाखों का कपड़ा और साड़ियां लेकर आ रहा ट्रक रास्ते में गायब हो गया। भरतपुर में उसने आखिरी बार टोल टैक्स दिया था। इसके बाद चालक का ट्रांसपोर्ट और कपड़ा मालिक से अब तक कोई संपर्क नहीं हो सका। तलाश करने के बाद पुलिस की मदद से ट्रक कैंट के बुखारा मोड़ पर सड़क किनारे खड़ा मिला लेकिन सामान गायब था। वहीं चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

प्रेमनगर के जनकपुरी निवासी विकास बत्रा का जेएमडी गुड्स कैरियर नाम से ट्रांसपोर्ट है। उन्होंने गुजरात के सूरत से एक ट्रक में करीब 60 लाख का गारमेंट का सामान लोड कराया था। इसमें रेशमी कपड़े, साड़ियों समेत अन्य सामान था। ट्रक मुरादाबाद में रामपुर दोराहा ताजपुर के रहने वाले मोहम्मद जाकिर का था। ट्रक को मुरादाबाद में सूरज नगर पीतल नगरी का रहने वाला यतेंद्र पाल सिंह तोमर चला रहा था।

15 अप्रैल को सूरत से ट्रक कपड़ा लोड कर हाथरस और बरेली के लिए निकला था। भरतपुर के टोल प्लाजा पर आखिरी बार टोल काटने का मैसेज ट्रक मालिक जमशेद के मोबाइल पर आया इसके बाद मालिक का ड्राइवर से संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने ट्रक को बुखारा मोड़ के पास सड़क किनारे से बरामद कर लिया। ट्रक में चालक नहीं था। उसका मोबाइल पुलिस को ट्रक में मिला है। लेकिन कीमती कपड़ा और साड़ियां ट्रक से गायब है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

“पुलिस ने पूछताछ के लिए चालक के रिश्तेदार और हेल्पर को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हेल्पर का कहना है कि वह तबियत खराब होने के कारण हाथरस में उतर गया था। चालक की तलाश की जा रही है।” -राजीव कुमार, इंस्पेक्टर कैंट

संबंधित समाचार