मुरादाबाद: दोस्त की पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर दी जान
अमृत विचार, कुंदरकी/मैनाठेर। पत्नी की हत्या में आरोपी चल रहे युवक ने अपने दोस्त की पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। डबल मर्डर की सूचना जब पुलिस-प्रशासनिक अफसरों को मिली तो हड़कंप मच गया। एसपी देहात फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच …
अमृत विचार, कुंदरकी/मैनाठेर। पत्नी की हत्या में आरोपी चल रहे युवक ने अपने दोस्त की पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। डबल मर्डर की सूचना जब पुलिस-प्रशासनिक अफसरों को मिली तो हड़कंप मच गया। एसपी देहात फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। गांव में चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग थे, किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया और युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना मैनाठेर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा की है। बताते हैं कि सम्भल जिले के थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर साहनी निवासी जयपाल का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। करीब 13 साल पहले उसने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में वह नामजद आरोपी था। जेल से बाहर आने के बाद करीब छह साल से वह ग्राम बरखेड़ा में रहने लगा। यहां पर पड़ोस में रहने वाले बिंटू से उसका याराना हो गया। दोस्ती गहराई तो वह उसके घर आने-जाने लगा। बताते हैं कि इस दौरान जयपाल के अपने दोस्त की पत्नी प्रवेश से नैन लड़ गए। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
ग्रामीणों का यहां तक दावा है कि दोनों के बीच अवैध संबंध भी हो गए थे। बुधवार को जयपाल अपने दोस्त की गैरमौजूदगी में उसके घर पहुंचा। बताते हैं कि वहां पर उसका प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इस कदर बढ़ा कि जयपाल ने तैश में आकर प्रवेश पर चाकू से हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ वार कर उसे मरणासन्न कर दिया।
बताते हैं कि महिला को मृत समझकर उसने खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर हत्याकांड की खबर अफसरों को मिली तो एसपी देहात विद्या सागर मिश्र फारेंसिक टीम व फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। महिला की सांस चलते देख पुलिस ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भेजा लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
डबल मर्डर की सूचना पर हड़कंप मच गया और मौके पर तमाम ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं मैनाठेर थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
