अमरोहा: गजरौला में अधेड़ की गला घोंटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
अमरोहा/गजरौला/अमृत विचार। गजरौला में अधेड़ की गला घोंटकर हत्या कर दी। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के पुत्र को भी पूछताछ के लिए हिरासत में …
अमरोहा/गजरौला/अमृत विचार। गजरौला में अधेड़ की गला घोंटकर हत्या कर दी। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के पुत्र को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
नगर के मोहल्ला बुधनगर निवासी 45 वर्षीय रामप्रसाद का दो मंजिला मकान है। नीचे के कमरों में किराएदार रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर रामप्रसाद का परिवार रहता है। रामप्रसाद भी नीचे के एक कमरे में ही रहता था। बुधवार की रात करीब नौ बजे रामप्रसाद की पुत्र वधू रूबी ने उसे खाना दिया था। इसके बाद रात में किसी समय रामप्रसाद की अंगोछे से गला घोटकर हत्या कर दी गई।
गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी उस समय हुई जब उसकी पुत्रवधू दोबारा से कमरे में पहुंची। उसने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से लगा हुआ है। जैसे ही दरवाजे का गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो ससुर के गले पर अंगोछा लिपटा हुआ था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने काफी देर आसपास के लोगों से जानकारी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मौके से बरामद अंगोछा भी कब्जे में ले लिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक के पुत्र को भी हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम भिजवा दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
