मुरादाबाद सदर समेत आठ ब्लाकों में मतदान आज, 17 जोन में बांटा गया जनपद
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां देर शाम अपने पोलिंग स्टेशनों पर पहुंच गईं। कुछ शिक्षक पोलिंग बूथों पर जरूरी औपचारिकता करके नजदीक मे घर चले गए। सुबह निर्धारित समय से पहले पहुंचेंगे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मुरादाबाद सदर समेत आठ ब्लाकों में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां देर शाम अपने पोलिंग स्टेशनों पर पहुंच गईं। कुछ शिक्षक पोलिंग बूथों पर जरूरी औपचारिकता करके नजदीक मे घर चले गए। सुबह निर्धारित समय से पहले पहुंचेंगे। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मुरादाबाद सदर समेत आठ ब्लाकों में कुल 10065 पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। कुल 21458 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए मैदान चुनाव मैदान में हैं।
जनपद में सदर ब्लाक की पोलिंग पार्टियां राजकीय पालीटेक्निक से रवाना की गईं। रविवार को लाकडाउन होने के बाद भी दोपहर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। जनपद में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान होगा। मतदाता को चार बैलेट पेपर एक साथ मिलेंगे। चारों के रंग अलग अलग रहेंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। जनपद को 17 जोन और 210 सेक्टरों में बांटा गया है। कुल 10065 पदों के लिए 875 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। 21458 प्रत्याशी मैदान में हैं।
पोलिंग पार्टियों की देर शाम तक रवानगी हुई। ड्यूटी किसकी किस बूथ पर होगी यह मतदान के दिन ही पता चलेगा। कुल 2437 बूथों पर मतदान होगा। कुल 2373388 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान सोमवार को सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। एसडीएम प्रशांत तिवारी ने बताया कि सदर ब्लाक की पार्टियां पॉलीटेक्निक से रवाना की गईं। भगतपुर में नेशनल पब्लिक स्कूल से और मूढापांडे की राजेंद्र इंटर कालेज से गईं। एसडीएम कांठ हिमांशु वर्मा ने बताया कि पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। एसडीएम ठाकुरद्वारा परमानंद ने बताया कि शाम 5 बजे तक सर्वोदय कालेज डिलारी और सरोज इंस्टीट्यूट ठाकुरद्वारा से पार्टियां रवाना की गईं। एसडीएम बिलारी प्रबुद्ध सिंह ने बताया कि कुंदरकी में जीजीआईसी और राम रतन इंटर कालेज बिलारी से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
मतदान कार्यक्रम पर एक नजर
जनपद को 17 जोन और 210 सेक्टरों में बांटा गया है
कुल 21458 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान
कुल 10065 पदों के लिए होगा मतदान
कुल 875 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा
कुल 2373388 मतदाता मतदान करेंगे
सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
पंचायत चुनाव के लिए खुला कंट्रोल रूम
मुरादाबाद। जनपद में पंचायत चुनाव के लिए कंट्रोल रूम खुल गया है। लगातार यह कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। प्रेक्षक राम सहाय यादव ने भी क्षेत्र में भ्रमण कर स्थितियों का जायजा लिया। अफसरों से चुनाव की तैयारियों पर बात की। उन्होंने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव पर जोर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के लिए कहा है। प्रेक्षक ने कहा कि चुनाव में बेहतर इंतजाम करने के साथ मतदाताओं की सहूलियतों का ध्यान रखा जाए। हर बूथ पर सेनेटाइजर और थर्मा इंफ्रारेड गन से जांच की जाए। पोलिंग पार्टियों को मास्क और सेनेटाइजर अवश्य दिया जाए। कोविड के प्रोटोकाल का पालन करवाया जाए। चूने से गोले बना कर मतदाताओं को खड़ा किया जाए। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाया जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत प्रीति जायसवाल ने कहा कि सभी ब्लाकों में ग्राम पंचायत वार सभी मतदान केंद्रों और बूथों पर व्यवस्थाएं बेहतर कर ली गई हैं। लगातार अफसरों को भ्रमण करते रहने को कहा गया है। किसी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी। कोविड नियमों का पालन करवाया जाएगा। सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है।
इन नंबरों पर दे सकते हैं कोई भी सूचना
फोन नंबर 0591 2312612
मोबाइल नंबर 9115033887 व 9454416893
हर पोलिंग पार्टी को दी गई दो मतपेटियां
रविवार को मतदान के एक दिन पूर्व जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पोलिंग पार्टियों को किसी के यहां खाना खाने की इजाजत नहीं दी गई है। पहले एक मतपेटी इस्तेमाल होगी। एक ही मतपेटी में चार पदों के मतपत्र डाले जाएंगे।
सोमवार को जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वोटिंग होनी है। पोलिंग पार्टियों को ठहरने के लिए खुद ही व्यवस्था करनी पड़ी। महिलाओं के ठहरने की व्यवस्था भी स्कूलों में ही है। मतदान से पहले तक महिलाओं के परिवार का कोई सदस्य पहुंचाने के लिए जा सकता है लेकिन, मतदान के समय वहां कोई नहीं रहेगा। मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को दो मतपेटियां दी जानी हैं।
रसूलपुर सुनवाती में प्रधान पद प्रत्याशी पर नहीं होगा मतदान
मुरादाबाद ब्लाक की ग्रांम पंचायत रसूलपुर सुनवाती में सोमवार को प्रधान पद पर होने वाला मतदान रद कर दिया गया है। प्रधान पद के एक प्रत्याशी का निधन होने के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान रद कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस गांव में भी तीसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना था। प्रधान पद के लिए अमरवती ने भी नामांकन किया था। उनको चुनाव चिन्ह अनाज ओसाता हुआ किसान भी मिल गया था। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद 20 अप्रैल को अमरवती की तबियत खराब हो गई, जिस कारण उनका निधन हो गया। इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी को दे दी गई थी। जिसके तहत केवल प्रधान पद पर होने वाले मतदान को रद कर दिया गया है। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य पद चुनाव आयोग के निर्देश के तहत की मतदान कराया जाएगा। प्रधान पद पर होने वाले मतदान के लिए अगली तारीख तय की जाएगी।
