बरेली: यह कैसा फरमान, संक्रमित शिक्षक कराएंगे मतगणना
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण काल में मतगणना शिक्षकों के लिए मुसीबत बन गई है। शिक्षक तय नहीं कर पा रहे हैं कि आखिरकार नौकरी बचाएं या फिर अपनी और परिवार की जान। मतगणना में ऐसे कई शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है जो इन दिनों संक्रमण से जूझ रहे हैं। शिक्षक संक्रमित हैं …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण काल में मतगणना शिक्षकों के लिए मुसीबत बन गई है। शिक्षक तय नहीं कर पा रहे हैं कि आखिरकार नौकरी बचाएं या फिर अपनी और परिवार की जान। मतगणना में ऐसे कई शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है जो इन दिनों संक्रमण से जूझ रहे हैं। शिक्षक संक्रमित हैं और होम आइसोलेशन में रहकर इलाज कर रहे हैं। बावजू उनकी ड्यूटी नहीं काटी गई है। वह ड्यूटी कटवाने के लिए घरों से बाहर कैसे निकलें, यह भी समस्या बनी हुई है।
यूटा के बिथरी चैनपुर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र पाल सिंह का कहना है कि संक्रमित होने की वजह से शिक्षक अपनी ड्यूटी कटवाने के लिए कार्यालयों के भी चक्कर नहीं लगा पा रहे हैं। फोन पर या डाक के माध्यम से सूचना देने पर किसी भी अधिकारी का कोई जबाव नहीं मिला है। कई बार शिक्षकों ने अधिकारियों को फोन करके सूचना देने की कोशिश की, मगर कोई जबाव नहीं मिला। अंत में ड्यूटी लिस्ट जारी कर दी। ऐसा कोई एक दो ब्लॉक में नहीं, बल्कि सभी ब्लॉकों में किया गया है। शिक्षकों ने अपनी कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट भी अधिकारियों के पास सोशल मीडिया और डाक के माध्यम से भेजी है। इसके बाद भी कोई जबाव नहीं मिला है।
ये शिक्षक कोरोना संक्रमित, कैसे कटवाएं ड्यूटी
जितेंद्र का कहना है कि बिथरी चैनपुर ब्लॉक से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से शनिवार को मतगणना में ड्यूटी की सूची जारी की गई जिसमें उच्च प्राथमिक स्कूल नत्थू रम्पुरा के शुभम सक्सेना कोरोना पीड़ित हैं और कई दिनों से मेधांश अस्पताल में भर्ती हैं। मानपुरिया दलेल के शिक्षक राहुल सिंह पॉजिटिव हैं। राहुल ने अपनी सभी रिपोर्ट डीएम, बीएसए और बीईओ को डाक के माध्यम से भेजी थीं। फिर भी उनकी ड्यूटी मतगणना में लगा दी।
सिमरा अजूबा बेगम के प्रधानाध्यापक साजिद अली का पूरा परिवार कोरोना से पीड़ित है। घर से बाहर निकलना भी मुमकिन नहीं है। यूटा के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र और उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित हैं। 2 वर्ष की बेटी को ऐसे में अकेला घर पर छोड़कर अधिकारियों के चक्कर कैसे लगाएं। लिलौरी के शिक्षक सुभाष बाबू के माता-पिता कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं। ऐसे में वह किस तरह से ड्यूटी करेंगे। संगठन का कहना है कि ड्यूटी नहीं आने पर किसी शिक्षक का पक्ष जाने बिना उस पर कार्रवाई की गयी तो वह कोर्ट की शरण में जाएंगे।
रामनगर ब्लॉक के ये शिक्षक
रामनगर के प्राथमिक विद्यालय केसरपुर में कुमुद कांत यादव, कल्याणपुर में चंद्रभान मौर्य, खड़गपुर में अजय सिंह, पट्टी कुर्की में उमेश प्रजापति संक्रमित हैं। प्राथमिक विद्यालय दरावनगर में कपिल गुप्ता के भाई, उदयभानपुर में धर्मेंद्र वर्मा के भाई, औरंगाबाद में प्रकाश सिंह चौहान की बहन संक्रमित आई हैं। डॉक्टर ने होम क्वारंटीन होने की सलाह दी है। इसी के साथ शेरगढ़ ब्लॉक के पंकज कुमार गंगवार भी संक्रमित हैं। बाबजूद इसके सभी की ड्यूटी लगा दी गई।
