यूपी के इस जिले में श्मशान घाट के बाहर बैनर लगाकर तस्वीरें लेने को बताया दंडनीय अपराध
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती ही जा रही है। नए केस मिलने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच गोरखपुर से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां श्मशान घाटों के बाहर नगर निगम ने बड़े-बड़े बैनर टांग कर तस्वीरें लेने को दंडनीय …
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती ही जा रही है। नए केस मिलने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच गोरखपुर से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां श्मशान घाटों के बाहर नगर निगम ने बड़े-बड़े बैनर टांग कर तस्वीरें लेने को दंडनीय अपराध बता दिया। बैनरों पर लिखा था कि ‘यहां तस्वीेरें लेना दंडनीय अपराध है।’ किसी ने इसकी तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद से लोग धड़ल्ले से इसे शेयर करने लगे।
सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। नगर निगम के इस कदम की जमकर आलोचना शुरू हो गई। बाद में फजीहत होती देख नगर निगम ने अब इन बैनरों को मौके से हटा लिया है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के श्मशान घाटों से अक्सर ऐसी तस्वीरें और वीडियो आते रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो में बड़ी संख्या में चिताएं जलती दिखाई देती हैं।
नगर निगम की जमकर किरकिरी
लोग प्रशासन पर कोरोना को काबू करने में नाकाम रहने के आरोप लगा रहे हैं। कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल, बेड, ऑक्सीजन, दवा हर चीज की किल्लत के बीच श्मशान घाटों के बाहर ऐसे बड़े-बड़े बैनर लगे तो लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन मौतें रोकने से ज्यादा उन्हें छिपाने पर अपनी उर्जा खर्च कर रहा है। इसी आरोप के साथ लोगों ने नगर निगम के इस कदम की जमकर आलोचना शुरू कर दी।
बैनरों पर लिखीं थी ये बात
शवदाह घाटों के बाहर नगर निगम ने ऐसे कई बैनर लगाए थे। इन बैनरों पर लिखा था- ‘शवदाह गृह पर पार्थिव शरीर का दाह संस्कार हिंदू रीति रिवाज के अनुसार किया जा रहा है। कृपया फोटोग्राफी/ वीडियोग्राफी ना करें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है।’ इस पूरे प्रकरण में लोगों का कहना है कि गोरखपुर नगर निगम बैनर लगाकर यह जताने की कोशिश कर रहा है कि यदि आपने यहां पर तस्वीरें लीं तो पकड़े जाने पर आपके ऊपर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। जब इन बैनरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं और सरकार और प्रशासन की चौतरफा आलोचना शुरू हुई तो रातों रात इन बैनरों को हटा दिया गया।
लखनऊ में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इसके पहले लखनऊ के भैसा कुंड श्मशान घाट पर भी ऐसी ही कोशिश दिखी थी। वहां घाट को नीली टीन से ढक दिया गया था। कोशिश थी कि बाहर से कोई श्मशान घाट की तस्वीरें ना ले सके। बता दें कि यूपी में शनिवार को बीते 24 घंटों में 30,317 नए कोरोना केस केस मिले। जबकि 303 लोगों की इसकी वजह से डेथ हो गई। सबसे ज्यादा 3,125 नए संक्रमित राजधानी लखनऊ में मिले। जबकि गोरखपुर में 1,070 नए मरीज पाए गए। यहां सात लोगों के मरने की सूचना है। सूबे में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 3,01,833 हो गई है।
•
