बरेली: चुनाव आयोग की चेतावनी नहीं आयी याद, सामाजिक दूरी का भी नहीं रहा ख्याल
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरोना के कहर के बीच समर्थकों की भीड़ बेतरतीब तरीके से जुटी रही। समर्थकों में न तो कोरोना का डर ही दिख रहा था और न ही किसी को हादसे का अंदेशा। यही वजह रही कि कहीं फ्लाईओवर के ऊपर समर्थक खड़े थे तो कहीं निर्माणाधीन मकान पर …
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरोना के कहर के बीच समर्थकों की भीड़ बेतरतीब तरीके से जुटी रही। समर्थकों में न तो कोरोना का डर ही दिख रहा था और न ही किसी को हादसे का अंदेशा। यही वजह रही कि कहीं फ्लाईओवर के ऊपर समर्थक खड़े थे तो कहीं निर्माणाधीन मकान पर बैठे नजर आए। मतगणना स्थलों पर पुलिस तो मौजूद थी लेकिन इन लोगों को समझा पाना नाकाफी था। भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर समेत सभी मतगणना स्थलों पर लगभग एक ही जैसी तस्वीर नजर आयी।
मतगणना स्थलों पर गिनती भले ही सुबह 8 बजे से शुरू हुई हो लेकिन तड़के ही एजेंट व समर्थक मतगणना स्थलों के लिए रवाना होने लगे थे। सुबह से ही लोगों की मतगणना स्थलों पर भीड़ जुटने लगी। शुरुआत में तो कुछ लोगों की रिपोर्ट देखकर तो कुछ को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद अंदर जाने दिया गया, लेकिन उसके बाद लोग बिना रोकटोक के अंदर जा रहे थे। भोजीपुरा में भारत इंटर कॉलेज में मतगणना हो रही थी।
मतगणना स्थल से करीब 500 मीटर पहले ही दोनों तरफ लोगों की भीड़ नजर आ रही थी। लोग इधर-उधर टहलते नजर आ रहे थे। मतगणना स्थल के सामने फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ बेरीकेडिंग की गई थी। बेरीकेडिंग पर रोकने के लिए पुलिस भी तैनात थी। दोनों तरफ समर्थकों की भारी भीड़ लगी थी। लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे। मास्क पहनना भी सभी ने जरूरी नहीं समझा। अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की भी जान जोखिम में डालने का किसी को मलाल नहीं रहा।
फ्लाईओवर के ऊपर भी काफी दूर तक लोगों की भीड़ लगी थी। सभी नीचे झांक रहे थे, जबकि ऊपर से वाहनों का आवागमन भी अनवरत जारी था। कई बाइक सवार भी ऊपर भीड़ देखकर रुक रहे थे। इन लोगों के पास न तो कोई सूचना पहुंच रही थी। न तो कोई अनाउंसमेंट हो रहा था लेकिन इसके बावजूद भी आपाधापी में भीड़ लगी रही।
हादसे का किसी को नहीं रहा अंदेशा
जब मतगणना स्थल के अंदर पहुंचे तो छत और दीवारों पर लोग खड़े थे। कुछ युवक तो छत से नीचे झांक रहे थे जबकि टेंट लगे होने के कारण उन्हें कुछ नजर भी नहीं आ रहा था, लेकिन किसी को भी नीचे झांकते समय हादसे का अंदेशा नहीं महसूस हुआ। यहां पर पुलिस मौजूद थी लेकिन पुलिस का भय भी किसी के अंदर नजर नहीं आया। जब कैमरे से तस्वीर लेते पुलिस ने देखा तो माइक से हटने का इशारा किया। कुछ पुलिसकर्मी तो छत पर चढ़कर लोगों को हटाने भी गए लेकिन उसके बाद फिर से वही तस्वीर सामने आ गई।
निर्माणाधीन मकान में भीड़ लगाये बैठे लोग
बिथरी चैनपुर ब्लॉक में मतगणना स्थल से बाहर लोगों की भीड़ थी। यहां पर लोगों में न ही सामाजिक दूरी का ख्याल था और न ही सभी ने मास्क पहन रखा था। यहां पर कुछ दूर पहले निर्माधीन मकान के लेंटर को बल्लियां लगाकर रोका गया था। कई लोग धूप से बचने के लिए मकान के अंदर बैठे थे। यहां भी लोग दीवारों पर खड़े थे। जब पुलिस डंडा फटकारती तो लोग भागने लगते।
