बरेली: भीड़ देखकर तय कर रहे ऑक्सीजन सिलेंडर के रेट
बरेली,अमृत विचार। गैस एजेंसियों पर ऑक्सीजन के लिए जिस तरह से भीड़ जुट रही है, उससे होम आइसोलेशन वाले मरीजों के तीमारदारों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। दिनभर तपती धूप में खड़े रहने के बावजूद उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है, लेकिन गैस वितरण एजेंसियों की स्थिति देख कर लग रहा है …
बरेली,अमृत विचार। गैस एजेंसियों पर ऑक्सीजन के लिए जिस तरह से भीड़ जुट रही है, उससे होम आइसोलेशन वाले मरीजों के तीमारदारों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। दिनभर तपती धूप में खड़े रहने के बावजूद उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है, लेकिन गैस वितरण एजेंसियों की स्थिति देख कर लग रहा है कि कहीं न कहीं तीमारदार ऑक्सीजन के बदले संक्रमण जरूर घर ले जा रहे हैं। इधर, कुछ एजेंसियां भीड़ देखकर सिलेंडर के रेट भी बढ़ा रहे हैं।
मंगलवार को मालियों की पुलिया स्थित गैस एजेंसी पर दोपहर के समय जब लोगों ने ताले पड़े देखे तो बहुतों ने ऑक्सीजन मिलने की उम्मीद खो दी। गैस लेने पहुंचे कई लोगों ने गैस मिलने की आस में दुकान के बाहर लिखे फोन नंबरों पर फोन किया तो नंबर न लगने से फिर निराशा ही हाथ लगी। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी कई लोग ऑक्सीजन गैस नहीं ले पा रहे हैं। शहर में ऑक्सीजन प्लांट से ठीक समय पर गैस न मिल पाने के कारण एजेंसी मालिकों को मजबूरन दुकानों को बंद करना पड़ रहा है।
अमृत गैस ऐजेंसी के संचालक संचित अग्रवाल ने बताया कि प्लांट से भरे सिलेंडर की गाड़ी आने में देरी होती है। जिसकी वजह से लोगों को सिलेंडर समय पर नहीं मिल पाता। मंगलवार की सुबह 9 से 10 बजे के बीच प्लांट से भरे सिलेंडर आने के बाद करीब 55 लोगों को ऑक्सीजन दी गई, लेकिन उनमें से कुछ लोगों को गैस खत्म होने के बाद ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। वहीं शाम को दूसरी गाड़ी आने पर सबसे पहले सुबह के बचे हुए लोगों को ऑक्सीजन दी गई। उसके बाद करीब 60 से 65 लोगों के सिलेंडर में ऑक्सीजन रिफिल की गई।
दूसरी तरफ इस्लामियां इंटर कॉलेज के पास स्थित गैस ऐजेंसी ने लोगों की भीड़ देखते हुए सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है। इस एजेंसी पर ऑक्सीजन के सिर्फ छोटे सिलेंडर ही मिलते हैं। यह सुविधा भी सिर्फ उन्हीं तीमारदारों को दी जा रही है जिनके मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इस एजेंसी पर ऑक्सीजन गैस लेने पहुंचे कुछ लोगों ने बताया कि रविवार तक यहां छोटा सिलेंडर 300 रुपये का बिक रहा था, लेकिन सोमवार को कीमतों में 100 रुपये का इजाफा कर दिया गया। यहां से भी काफी लोग नंबर न लग पाने की वजह से बिना ऑक्सीजन के ही वापस लौट गये।
ऑक्सीजन बांट रहे या कोरोना
शहर भर में लोग ऑक्सीजन गैस लेने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। शहर की मुख्य गैस ऐजेंसियों पर ऑक्सीजन लेने वाले परिजनों की लंबी लाइने होती हैं। एजेंसी मालिक इस तरफ ध्यान न देकर केवल कमाई पर ध्यान दे रहे हैं। एजेंसियों पर बड़ी संख्या में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो जाता है जहां शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जाता। कुछ लोग लापरवाही के साथ ही मास्क को सिर्फ आधे मुंह तक ही लगाते हैं। ज्यादा भीड़ होने की वजह से एजेंसी संचालक भी ज्यादा सख्ती नहीं कर पाते हैं। इतनी भीड़ जहां एकत्र होती हो और वहां व्यवस्था संभालने के लिए प्रशासन की ओर से किसी के मौजूद नहीं होने की वजह से लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं।
