बरेली: कोरोना की दहशत में बीडीए स्टाफ, सील तोड़ निर्माण करा रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में संक्रमित होने के बाद ज्यादातर कई इंजीनियर और कर्मचारी होम आइसोलेशन में हैं। इसका फायदा अवैध निर्माणकर्ताओं ने उठाना शुरू कर दिया है। कई जगहों पर गुपचुप तरीके से नक्शा पास कराए बगैर निर्माण कार्य चल रहे हैं। इतना ही नहीं, बीडीए ने पूर्व में जिन अवैध …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में संक्रमित होने के बाद ज्यादातर कई इंजीनियर और कर्मचारी होम आइसोलेशन में हैं। इसका फायदा अवैध निर्माणकर्ताओं ने उठाना शुरू कर दिया है। कई जगहों पर गुपचुप तरीके से नक्शा पास कराए बगैर निर्माण कार्य चल रहे हैं। इतना ही नहीं, बीडीए ने पूर्व में जिन अवैध निर्माणों को सील किया था, वहां भी अंदरखाने काम चल रहा है। कुछ दिन पहले रामगंगानगर आवासीय कॉलोनी में भी एक भाजपा नेता ने नक्शा पास कराए बगैर निर्माण शुरू करा दिया था।

शिकायत मिलने पर बीडीए की टीम मौके पर गई भी थी लेकिन बाद में मामला शांत हो गया। बताते हैं कि कोरोना के चलते शहर के कई हिस्सों में नक्शा पास कराए बगैर कॉलोनी और आवासीय व व्यावसायिक भवनों के निर्माण धड़ल्ले से चल रहे हैं।

अभी कुछ दिन पहले बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित सहित कई इंजीनियर और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके अलावा कई और भी कर्मचारी व इंजीनियरों की तबीयत खराब चल रही थी। हालांकि उसमें कुछ लोगों का स्वास्थ्य ठीक हो गया है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में स्टाफ कोरोना से पीड़ित बताया जा रहा है।

इसमें कई अवर व सहायक अभियंता भी शामिल हैं। इसकी वजह से शहर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण धड़ल्ले से चल रहे हैं। सौ फुटा रोड पर कई नई कॉलोनियों में भी बीडीए से नक्शा पास कराए बगैर प्लॉटिंग और भवनों के निर्माण कराए जा रहे हैं। यही हाल पीलीभीत बाईपास, डोहरा रोड, यूनिवर्सिटी के पीछे, बीसलपुर रोड, फिनिक्स मॉल के पास, डेलापीर पर हवाई अड्डे की ओर, मिनी बाईपास, बदायूं रोड, मिनी बाईपास सहित कई जगहों पर कॉलोनाइजर बीडीए से ले-आउट पास कराए बगैर ही धड़ल्ले से निर्माण कार्य करा रहे हैं।

हालांकि इसमें बीडीए के कुछ इंजीनियरों की भी मिलीभगत है लेकिन कोरोना के बहाने वे भी अवैध निर्माण को तोड़ने के बजाय चुप्पी साधे हैं। कुछ दिन पहले बीडीए की रामगंगानगर आवासीय परियोजना में भाजपा के एक नेता के बोर्ड लगाकर वहां नक्शा पास कराए बगैर ही निर्माण कराने की शिकायत बीडीए के अधिकारियों के पास पहुंची थी।

मौके पर टीम गई थी और निर्माण कार्य रुकवा भी दिया था लेकिन कई और जगहों पर भी ऐसे काम चल रहे हैं, जिन पर कोई नजर डालने वाला नहीं है। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना का भयंकर प्रकोप है। इसलिए स्टाफ भी ज्यादा इधर-उधर जाने से बच रहा है।

नौमहला मस्जिद के पास भी अवैध दुकानों के निर्माण को लेकर कार्रवाई लटकी
अभी कुछ दिन पहले कुछ पार्षदों ने नौमहला मस्जिद के पास कई दुकानों के अवैध निर्माण को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद बीडीए ने इस प्रकरण को लेकर नोटिस भी जारी किया था, लेकिन कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद यह कार्रवाई भी ठंडी पड़ गई। बीडीए की ओर से अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

संबंधित समाचार