सपा सांसद आजम खान और बेटे अब्दुल्लाह इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में होंगे भर्ती
सीतापुर। वरिष्ठ सपा नेता व सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रविवार की शाम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया है। दोनों ही कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। जेल में ही कोरोना का इलाज करा रहे सांसद आजम खां की रविवार की सुबह हालत बिगड़ी तो …
सीतापुर। वरिष्ठ सपा नेता व सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रविवार की शाम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया है। दोनों ही कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। जेल में ही कोरोना का इलाज करा रहे सांसद आजम खां की रविवार की सुबह हालत बिगड़ी तो फौरन डॉक्टरों को बुलाया गया। उन्होंने खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की थी। डॉक्टरों ने जांच की तो उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो रहा था।
जिसके बाद उन्हें लखनऊ इलाज के लिए जाने की सलाह दी गई। आजम खां की हालत बिगड़ती देख जेल प्रशासन सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने जेल के अलावा जिले के आला अधिकारियों को जानकारी दी। उसके बाद प्रशासन ने उन्हें लखनऊ भेजने की तैयारी शुरू कर दी। दोपहर बाद जेल परिसर में भारी पुलिस बल लगा दिया गया।
लखनऊ भेजने से पहले आजम खान और उनके बेटे का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मधु गैरोला, एडीएम विनय पाठक, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव दीक्षित, एसडीएम अमित भट्ट, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक टीम जेल पहुंची।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आजम खान और उनके बेटे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान जांच के बाद सांसद आजम खान की हालत मैं कोई सुधार नहीं दिखा। इसपर आजम खां को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजने की सलाह दी।
आजम खान ने पीजीआई और ट्रामा सेंटर जाने से किया इनकार
जेल सूत्र बताते हैं कि पहले आजम खान को लखनऊ के पीजीआई ले जाने का आग्रह किया गया, लेकिन पूर्व की तरह आजम खां ने वहां जाने से इंकार कर दिया। जिसके बाद उन्हें ट्रामा सेंटर भेजने को कहा गया, लेकिन वहां भी उन्होंने जाने से मना कर दिया। अपनी हालत नाजुक होते हुए देख आजम खान ने इन अस्पतालों के बजाय लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल जाने की बात पर सहमति जताई। साथ ही उन्होंने कहा कि वह बेहतर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल जाना चाहते हैं।
निजी खर्चे पर करायेंगे इलाज
सूत्रों का दावा है कि मेदांता अस्पताल जाने के लिए आजम खां ने बाकायदा जेल प्रशासन को लिखित में दिया है और कहा कि वह निजी खर्चे पर मेदांता हॉस्पिटल में जाकर अपना इलाज कराना चाहते हैं। लिखित देने के बाद सहमति बनी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस से सांसद आजम खां और कोरोना पॉजिटिव उनके बेटे को भी साथ में लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन का पक्ष
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव दीक्षित का कहना है कि सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम कोरोना पॉजिटिव हैं। आजम खां की कुछ दिक्कतें बढ़ गई थी। जिसके चलते उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया है।
डिप्टी जेलर ओंकार पांडेय ने कही ये बात
इस मामले में डिप्टी जेलर ओंकार पांडेय का कहना है कि आजम खां को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया है। आजम खान चाह रहे थे कि उनका अच्छी जगह इलाज हो। इसलिए जहां बेड वगैरह अरेंज हुए हैं, वहां भेजा गया है। लिखित व निजी खर्चे पर इलाज कराने को लेकर अभी तक उनके पास कुछ नहीं आया है।
14 महीने से सीतापुर जेल में हैं बंद
कुछ दिनों पहले सीतापुर जिला कारागार में बंद सांसद आजम खां व उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। जिसके बाद दोनों को अलग-अलग बैरकों में क्वारंटीन कर दिया गया था।
जिला अस्पताल की एक टीम ने जेल में आजम खां के स्वास्थ्य की जांच की थी। उस दौरान दोनों की हालात सामान्य बताई गई थी। जेल में संक्रमण पहुंचने का कारण पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में बदलाव बताया जा रहा है। सांसद आजम खां व पुत्र अब्दुल्ला आजम जिला कारागार सीतापुर में 14 महीने से बंद हैं।
