रामपुर: घरों में अदा की नमाज, मांगी कोरोना के खात्मे की दुआ
रामपुर,अमृत विचार। शहर की जामा मस्जिद में ईद की नमाज मौलाना नासिर खां ने अदा कराई। नमाज के दौरान जामा मस्जिद के आसपास भारी तादाद में पुलिस बल तैनात रहा। जामा मस्जिद के गेट पर ताला लगा दिया गया। इसके अलावा शहर की तमाम मस्जिदों में पांच-पांच नमाजियों ने नमाज अदा की। लोगों ने घरों …
रामपुर,अमृत विचार। शहर की जामा मस्जिद में ईद की नमाज मौलाना नासिर खां ने अदा कराई। नमाज के दौरान जामा मस्जिद के आसपास भारी तादाद में पुलिस बल तैनात रहा। जामा मस्जिद के गेट पर ताला लगा दिया गया। इसके अलावा शहर की तमाम मस्जिदों में पांच-पांच नमाजियों ने नमाज अदा की। लोगों ने घरों पर रहकर सादगी से ईद मनाई और ईद की नमाज पढ़ी। ईदगाह में ईद की नमाज नहीं अदा की गई। कोरोना के चलते हर साल शहर कोतवाली के निकट लगने वाला ईद का मेला भी नहीं लगाया गया। ईद पर लोग गले भी नहीं मिले और दूर से ही एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईद की नमाज के बाद कोरोना से निजात को बारगाहे खुदावंदी में दुआ की गई।
कोरोना वायरस के चलते शासन की गाइड लाइन के मुताबिक पांच-पांच लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा की। जामा मस्जिद में सुबह 6 बजे मौलाना नासिर खां ने ईद की नमाज अदा कराई। कहा कि हर मुसलमान पर रोजा, नमाज, हज, जकात वाजिब है। दौलतमंद हज करें और जकात निकालें और हर मुसलमान रोजा रखे और नमाज पढ़ें।
सिविल लाइंस स्थित मस्जिद गौसिया में ईद की नमाज पांच लोगों ने अदा की। मौलाना अख्तर खां कादरी ने नमाज पढ़ाई। खुतबे में मौलाना अख्तर खां कादरी ने कहा कि ईद मुसलमानों पर खुशी का इजहार करती है। दो ईदें नहीं हैं बल्कि,सबसे बड़ी ईद ईद उल मीलादुन्नबी है इसकी आमद पर हुजूर सल्ल्ल्लाहो अलैही वसल्लम की यौमे पैदाइश है। इसकी वजह से आपके सदके में यह रमजान यह ईद ए मुबारक ईद और बकराईद अल्लाह ने अता फरमाई। मोमेनीन को चाहिए कि अच्छा अमल करें और पांचों वक्त की नमाज पढ़ें। रोजा फर्ज किया गया है रोजे की अदायगी करें।
जकात फर्ज है साहिबे निसाब जकात की अदायगी करें और दौलतमंद हज की फर्जीयत अता करें और सीधे सच्चे रास्ते पर चलने के लिए कुरआन की तालीम और हदीसों की तालीम पर अमल करें। उसके बाद इस मौहलिक बीमारी कोरोना से तमाम दुनिया के इंसानों के लिए दुआ करें। इससे तमाम इंसानों को निजात फरमा दे। उसके बाद मुल्क कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। इस मौके पर हाफिज महमूद हसन कादरी, नजाकत हुसैन, मोहम्मद अजहर खां, हाफिज जफर खां कादरी, कारी इदरीस मौजूद रहे। कोरोना के चलते लोगों ने दूर से ही एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और शाहबाद गेट स्थित ईदगाह पर ईद की नमाज नहीं हुई।
शिया जामा मस्जिद में अदा की पांच लोगों ने ईद की नमाज
शहर के मोहल्ला गुइया तालाब स्थित मकबरा जनाबे आलिया शिया जामा मस्जिद में मौलाना अली मोहम्मद ने ईद की नमाज अदा कराई। पांच लोगों ने ईद की नमाज अदा की। मौलाना ने देश, दुनिया से कोरोना के खात्मे के लिए दुआ कराई।
अपनो की कब्र पर चढ़ाए फूल और पढ़ी फातेहा
ईद पर लोगों ने कब्रिस्तान पहुंचकर अपनों की कबरों पर फूल चढ़ाए और फातेहा पढ़ी। ईद की नमाज के बाद लोगों ने कब्रिस्तानों का रुख किया और कबरों पर चरागां कर फूल चढ़ाए।
छावनी में तब्दील रहा शहर, मस्जिदों पर तैनात रही पुलिस
रामपुर। इर्द के त्योहार पर शुक्रवार सुबह से ही पुलिस मस्जिदों के आसपास शहर भर में तैनात रही। ताकि, कोई नमाज के दौरान भीड़ नहीं लगा सके। कोरोना संक्रमण के चलते देश भर में लाकडाउन चल रहा है। इस दौरान धार्मिक स्थलों पर भी पांच लोगों के आने आदेश सरकार द्वारा जारी किए जा चुके हैं। शुक्रवार को ईद का त्योहार मनाया गया है। इस दौरान हर साल नमाज मस्जिदों में पढ़ी जाती रही है। लेकिन इस साल पांच लोगों के नमाज अदा के आदेश हुए थे। उसी के चलते सुरक्षा के लिहाज से सभी मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा,ताकि कोई भी व्यक्ति मस्जिदों में जाकर सामूहिक रुप से नमाज अदा नहीं कर सके। अधिकारी भी समय समय पर गश्त करते रहे। ईद पर लोगों ने घरों पर रहकर ही ईद की नमाज अदा की।
