हल्द्वानी: स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों की नहीं ली सुध, पुलिस ने भिजवाई मदद
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के गांव बेडचूला में इस समय कई ग्रामीणों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण देखने को मिल रहे हैं। इसके बावजूद वहां विभाग की ओर से न तो ठीक से सैंपलिंग की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के गांव बेडचूला में इस समय कई ग्रामीणों में कोरोना के संदिग्ध लक्षण देखने को मिल रहे हैं। इसके बावजूद वहां विभाग की ओर से न तो ठीक से सैंपलिंग की जा रही है न ही संक्रमित पाए जाने वाले लोगों को कोरोना किट उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर मदद मांगी तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें अपने निजी खर्चे पर दवाएं उपलब्ध कराई गई। जिससे एक बार फिर पुलिस ने अपने मित्र पुलिस की छवि को सार्थक किया है।
भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी के फोन पर रविवार की शाम को दूरस्थ गांव बेडचूला के किसी व्यक्ति द्वारा फोन कर सूचित किया गया कि उनके गांव में कई व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव हैं। स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने पर क्षेत्र में मेडिकल टीम तो आई, लेकिन केवल नौ लोगों की ही जांच की गई, जिनमें सात लोग पॉजीटिव निकले। जबकि अन्य परिवारों में भी कई लोगों की तबियत खराब है। सैकड़ों ग्रामीण यहां रहते हैं, जिसके चलते सभी की सैंपलिंग करना जरूरी है।
लेकिन न तो उसके बाद मेडिकल टीम सैंपलिंग के लिए आई न ही संक्रमित व्यक्तियों को दवायें उपलब्या कराई गईं, जिससे संक्रमण का प्रसार बढ़ने का खतरा तो है ही। साथ ही ग्रामीणों के स्वास्थ्य बिगड़ने का भी डर है। उन्होंने पुलिस से सहयोग की मांग की। जिस पर मामले का संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी नगरकोटी ने अपने निजी व्यय पर सोमवार की सुबह संक्रमितों के लिए डॉक्टरी परामर्श के बाद सात मेडिकल किट भिजवाईं। जिसमें कोरोना संक्रमितों के लिए दवाइयां दी गईं।
नगरकोटी ने बताया कि यह मदद उन्होंने पुलिस के मिशन हौसला अभियान के तहत की है। जिसका उद्देश्य है हर जरूरतमंद को हरसंभव मदद की जाए। ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस सहयोग पर आभार व्यक्त किया है।
