सानिया मिर्जा के बेटे के वीजा के लिए खेल मंत्रालय ने यूके सरकार से किया संपर्क
नई दिल्ली। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने यूके की सरकार से भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा के दो साल के बेटे को वीजा प्रदान करने के लिए संपर्क किया है। सानिया मिर्जा टोक्यो ओलंपिक से पहले यूके में कई टेनिस प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी जहां उन्हें अपने …
नई दिल्ली। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने यूके की सरकार से भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा के दो साल के बेटे को वीजा प्रदान करने के लिए संपर्क किया है। सानिया मिर्जा टोक्यो ओलंपिक से पहले यूके में कई टेनिस प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी जहां उन्हें अपने छोटे बच्चे को साथ ले जाना होगा।
सानिया इस दौरान 6 जून से नॉटिंघम ओपन, 14 जून को बर्मिंघम ओपन, 20 जून को ईस्टबॉर्न ओपन और 28 जून को विम्बरडन ग्रैंड स्लेम में भाग लेंगी। हालांकि सानिया को नॉटिंघम का वीजा मिल चुका है मगर उनके बेटे और केयरटेकर को यूके की तरफ से वीजा प्राप्त नहीं हुआ है क्योंकि अभी यूके में भारत से आने वाले यात्रियों पर कोविड-19 महामारी के चलते प्रतिबंध लगा हुआ है।
खेल मंत्रालय यूके सरकार से कर रहा है बात
सानिया ने खेल मंत्रालय से अपने बेटे के वीजा को लेकर अपील की थी। इससे पहले खेल मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया था। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा था कि खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) में शामिल सानिया ने मंत्रालय से अपने बेटे और उसकी देखभाल करने वाले के लिए वीजा दिलाने में मदद की अपील की है। सानिया ने कहा कि वह अपने दो साल के बेटे को अकेले छोड़कर एक महीने के लिए यात्रा नहीं कर सकती। इसमें कहा गया ,‘मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय से लंदन स्थित भारतीय दूतावास के जरिये इस मामले में मदद की अपील की है। इस पूरे मामले पर खेलमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि, ‘मैंने अनुरोध को मंजूरी दे दी और खेल मंत्रालय के अधिकारी विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं। हमें उम्मीद है कि ब्रिटिश सरकार बच्चे को सानिया के साथ यात्रा करने की अनुमति देगी।
