मुरादाबाद : बेटी की बरामदगी को पुलिस मांग रही 20 हजार, एसएसपी से शिकायत में पिता ने लगाया आरोप
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र से गायब हुई नाबालिग का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। परिजनों ने इस मामले में अपहरण की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। उसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। थाने के चक्कर काट कर परेशान हुए परिजनों का आरोप है कि उसे बरामद करने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र से गायब हुई नाबालिग का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। परिजनों ने इस मामले में अपहरण की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। उसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। थाने के चक्कर काट कर परेशान हुए परिजनों का आरोप है कि उसे बरामद करने के लिए पुलिस 20 हजार रुपये मांग रही है। इसको लेकर अब उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाई है।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला वारसी नगर निवासी व्यक्ति के अनुसार 15 मई को उनकी नाबालिग बेटी घर से अचानक गायब हो गई थी। जानकारी होने पर वे लोग उसकी तलाश में जुट गए। बाद में मोहल्ले वालों ने बताया कि उन्होंने उसे मोहल्ले के युवक के साथ जाते देखा था। पता करने पर वह भी घर पर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मुगलपुरा थाने में उसके खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज करा दिया।
परिजनों का कहना है कि कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस बेटी का सुराग नहीं लगा सकी है। वे थाने जाते हैं तो जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर उन्हें टरका दिया जाता है। किशोरी के पिता के अनुसार 21 मई को पत्नी के साथ वह थाने गए तो सादा वर्दी में सिपाही मिला। उसने कहा कि अगर वे लोग 20 हजार रुपये दरोगा जी को दे दें तो एक घंटे में उनकी बेटी को बरामद कर लिया जाएगा। आरोप है कि इंकार करने पर पुलिस वालों ने धमकाते हुए उन्हें थाने से भगा दिया।
