खमरिया-खीरी: ससुराल पहुंचे युवक का हुआ विवाद, पत्नी व दो बच्चों को जहर देकर उतार दिया मौत के घाट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खमरिया-खीरी, अमृत विचार। पत्नी को ससुराल से विदा कराने आए युवक ने नाराजगी में पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहर देकर मार दिया। साथ ही खुद भी जहर खा लिया। उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। डीएम व एसपी ने मौका मुआयना …

खमरिया-खीरी, अमृत विचार। पत्नी को ससुराल से विदा कराने आए युवक ने नाराजगी में पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहर देकर मार दिया। साथ ही खुद भी जहर खा लिया। उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। डीएम व एसपी ने मौका मुआयना किया।

बहराइच जिले के थाना मोतीपुर के पृथ्वीपुरवा गांव का रहने वाला बुधई पंजाब में मजदूरी करता था। कोरोना में कर्फ्यू की बजह से वह गांव आ गया था। उसकी पत्नी नन्हीं(30) एक हफ्ते से अपने मायके ईसानगर थाना क्षेत्र के वीरसिंहपुर गांव में बच्चों के साथ रह रही थी। मंगलवार की शाम बुधई पत्नी और बच्चों को विदा कराने ससुराल आया था।

ससुर संतू और सास रिश्तेदार की मृत्यु की सूचना पर दूसरे गांव गए थे। वे बुधई से कह गए कि बुधवार सुबह वापस आ जायेंगे तभी ले जाना। बुधई इस बात पर अड़ा था कि शाम को ही पत्नी की विदाई होगी। वह नन्हीं पर दबाव डाल रहा था लेकिन नन्हीं देवी ने अपने घर वालों के वापस आने तक जाने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर देर रात बुधई ने पत्नी, 2 साल के बेटे कुलदीप और छह माह के संदीप को जहर देकर मार दिया। तीनों की मौत के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया।

बुधवार सुबह देर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोस की महिला घर पर आई। नन्हीं व दोनों बच्चों को चारपाई पर मृत और बुधई को बेसुध देख चीखने लगी। बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस बुलाकर बुधई को अस्पताल भिजवा दिया। जानकारी मिलने पर पड़ोसी गांव से रोते बिलखते संतू और उसकी पत्नी भी पहुंच गए। डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह व एसपी विजय ढुल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से सैम्पल लेकर जांच के लिए भेज दिये।

पहली पत्नी को भी मार डाला था
नन्हीं देवी बुधई की दूसरी पत्नी थी। उसकी पहली शादी थाना बेहड़ा जनपद बहराइच की आरती से हुई थी। आरती गर्भवती थी तो बुधई ने उसको भी जहर देकर मार दिया था। बुधई व उसकी माता को पुलिस ने जेल भेज दिया था। जेल से छूटने के कुछ वर्ष बाद उसकी माता का निधन गया। पिता की मौत पहले ही हो गई थी। बुधई शुरू से ही खुराफाती किस्म का था। गांव में उसकी किसी से नहीं बनती थी। इसलिए वह गांव से बाहर घर बनाकर रहता था।

संबंधित समाचार