हल्द्वानी: हज यात्रा पर गहराया कोरोना का संकट, नहीं मिली सऊदी अरब से यात्रा की इजाजत
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना के चलते अभी तक सऊदी अरब ने हज यात्रा को हरी झंडी नहीं दी है। जिससे हज यात्रा-2021 को लेकर संशय की स्थिति बनी है। इस वर्ष 20 जुलाई को हज होना है। उत्तराखंड से करीब 650 आवेदन जमा हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार जनवरी में ही हज यात्रियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना के चलते अभी तक सऊदी अरब ने हज यात्रा को हरी झंडी नहीं दी है। जिससे हज यात्रा-2021 को लेकर संशय की स्थिति बनी है। इस वर्ष 20 जुलाई को हज होना है। उत्तराखंड से करीब 650 आवेदन जमा हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार जनवरी में ही हज यात्रियों का चयन हो जाना था, लेकिन कोटा आवंटन नहीं होने से अब तक लॉटरी नहीं निकाली गई है।
खादिमुल हुज्जाज का चयन और हज यात्रा पर जाने के इच्छुक जायरीन का प्रशिक्षण भी नहीं हुआ। पिछले साल कोरोना के कारण हज यात्रा रद होने से वर्ष 2021 की हज यात्रा के लिए पूर्व के वर्षों की तुलना में कम लोगों ने आवेदन किया। पिछले माह 16 अप्रैल को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने कहा था कि किसी को भी हज यात्रा के लिए जाने की तब तक परमिशन नहीं देंगे। जब तक कि उसने कोरोना वैक्सीन के दोनों इंजेक्शन नहीं लगवाएं हो। कहा था कि हज-2021 के लिए हरी झंडी मिलते ही जून के मध्य से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। सऊदी अरब सरकार की ओर से अब तक भारत सरकार को हज यात्री कोटा आवंटित नहीं हुआ है।
सऊदी अरब से जवाब न मिलने व कोरोना के कारण मामला अभी लटका हुआ है। हल्द्वानी लाइन नंबर 6 के मौलाना हाफिज गुफरान साहब ने बताया कि हर साल शहर से 10 से 12 लोग हज के लिए जाते थे लेकिन इस बार कोरोना ने सभी के कदम रोक दिए हैं। बताया कि इस बार किसी ने भी हज जाने की इच्छा जाहिर नहीं की। मौलाना ने बताया कि हर साल मुस्लिम समुदाय के लोग किस्तों में पैसे जमा करके हज की तैयारी करते थे।
