मुरादाबाद : यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल हुए 402 सिपाही, सेनानायकों ने दिलाई शपथ
मुरादाबाद,अमृत विचार। कठिन प्रशिक्षण हासिल करने के बाद 402 आरक्षी यूपी पुलिस को मजबूती देने के लिए तैयार हो गए हैं। 9वीं, 23वीं और 24वीं वाहिनी पीएसी में हुई दीक्षांत परेड के बाद सभी को यूपी पुलिस में शामिल कर लिया गया। कमांडेंट ने सभी को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। प्रशिक्षण के दौरान …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कठिन प्रशिक्षण हासिल करने के बाद 402 आरक्षी यूपी पुलिस को मजबूती देने के लिए तैयार हो गए हैं। 9वीं, 23वीं और 24वीं वाहिनी पीएसी में हुई दीक्षांत परेड के बाद सभी को यूपी पुलिस में शामिल कर लिया गया। कमांडेंट ने सभी को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

प्रशिक्षण के दौरान इनडोर व आउटडोर विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मुजफ्फरनगर के थाना खतौली के विनीत पाल, हापुड़ के विवेक त्यागी और शामली के अभिषेक गिल को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। यूपी पुलिस के शामिल होने के बाद सभी के चेहरे खुशी से चहक उठे। परेड के बाद सभी पुलिस कर्मियों को नई पोस्टिंग के लिए रवाना कर दिया गया।

करीब छह माह से 9वीं वाहिनी पीएसी में 153, 23वीं वाहिनी में 149 और 24वीं वाहिनी पीएसी में 100 रिक्रूट्स का प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी को साइबर क्राइम, दंगा नियंत्रण, कानून व्यवस्था का पालन कराना, फील्ड में आने वाली समस्याओं से निपटने संबंधी पुलिसिंग की हर बारीकियों के संबंध में विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया।

अवधि पूरी होने के बाद तीनों वाहनियों में शुक्रवार को होने वाली दीक्षांत परेड के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई थी। परेड स्थल को अच्छी तरह से रंगोली से सजाया गया था, हालांकि कोरोना के कारण दीक्षांत परेड का काफी सादगी से आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के साथ ही सिपाहियों के परिजनों को भी आमंत्रित नहीं किया गया था।
कमांडेंट ने ली सलामी, दिलाई शपथ
शुक्रवार को निर्धारित वक्त पर तीनों वाहनियों में परेड का आयोजन किया गया। 23वीं व 24वीं वाहिनी में हुई दीक्षांत परेड की सलामी सेनानायक अतुल शर्मा ने ली। बाद में उन्होंने सभी को अनुशासन व कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। 23वीं वाहिनी में मुजफ्फरनगर के थाना खतौली के विनीत पाल व 24वीं वाहनी में हापुड़ के विवेक त्यागी को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। कमांडेंट ने सभी को प्रमाण पत्र व स्मृति चिंह्न देकर सम्मानित किया। इसके अलावा 9वीं वाहिनी में कमांडेंट अशोक कुमार ने परेड की सलामी लेने के साथ ही सभी को शपथ दिलाई। यहां पर शामिली के अभिषेक गिल को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षण हासिल करने के बाद फील्ड में इसका सदुप्रयोग करें। कमजोर और गरीबों को न्याय दिलाना हम सभी का फर्ज है। इस मौके पर सेनानायक संजय कुमार शर्मा, सहायक सेना नायक रजनीश यादव समेत शिविर पाल, अमित कुमार, गणेश सिंह, राज नारायण उत्तम व नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।
सेल्फी लेने की रही होड़, सजी वर्दी तो निकले आंसू
मुरादाबाद। कठिन प्रशिक्षण के बाद जब सिपाहियों के तन पर खाकी सजी तो उनकी आंखे खुशी से उठी। परेड के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इन मौकों को यादगार बनाने के लिए आपस में सेल्फी लेने की होड़ मची रही। हालांकि इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए सिपाहियों के परिजनों को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके बाद भी आसपड़ोस के जिलों में रहने वाले सिपाहियों के परिजन परेड ग्राउंड तक आ गए थे। अपने बच्चों के तन पर खाकी देख परिजनों की भी आंखे छलक उठी। परिजन अपनों को गले लगाकर बधाई देते नजर आए। इस दौरान कोरोना के कारण कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन किय गया। थर्मल स्क्रीनिंग से तापमान चेक करने के साथ ही सभी के हाथों को सेनेटाइज कराया गया। इस दौरान बार-बार सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस लाइन से नई पोस्टिंग के लिए हुए रवाना
मुरादाबाद। दीक्षांत परेड के बाद सभी सिपाहियों को उनकी नई पोस्टिंग के लिए संबंधित थानों के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि रवानगी को लेकर कोविड नियमों का पालन किया गया। परेउ के बाद भी को सरकारी बसों से पुलिस लाइन भेजा गया। जहां से सभी को सरकारी वाहनों से पहली पोस्टिंग वाले थानों के लिए रवाना किया गया। सख्त हिदायत दी गई कि कोई भी पुलिस कर्मी प्राइवेट वाहन से थाने नहीं जाएगा।
पासिंग आउट में शामिल सिपाही के भाई की मौत
मुरादाबाद। 9वीं वाहिनी में दीक्षांत परेड में शामिल एक सिपाही के भाई की मौत हो गई। परेड के बाद जब सिपाही को इसकी जानकारी मिली तो वह भावुक हो गया। जानकारी होने पर कमांडेंट अशोक कुमार शुक्ला ने उसे घर जाने की इजाजत दे दी। अफसरों ने बताया कि शामिली के कपिल सरोहा यहां पर प्रशिक्षण ले रहे थे। कपिल के भाई अरुण काफी समय से बीमार चल रहे थे। परेड के दौरान ही बीमारी के कारण कपिल के भाई की मौत की सूचना आई। परेड के बाद जब इसकी जानकारी कपिल को दी गई तो वह काफी भावुक हो गए। बाद में कमांडेंट से इजाजत लेकन कपिल अपने घर के लिए रवाना हो गए। घर जाने से पहले कपिल के साथियों ने उनको ढांढ़स बंधाया।
बोले सर्वांग सर्वोत्तम, आईपीएस बनने का करेंगे प्रयास
मुरादाबाद। दीक्षांत परेड के बाद तीनों वाहनियों में सर्वांग सर्वोत्तम चुने गए सिपाहियों से जब बात की तो उन्होंने अगला लक्ष्य आईपीएस का तमगा हासिल करना बताया। खतौली के विनीत पाल ने कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि नौकरी करने के साथ ही वह आईपीएस की भी तैयारी करेंगे। कुछ यही बातत शामिली के अभिषेक गिल ने कही। उनके भाई भी पुलिस में हैं, अभी वह आईपीएस के लिए भी प्रयास करेंगे। हापुड़ के विवेक त्यागी ने भी उच्च पद पर जाने के लिए प्रयास करने की बात कही।
