अश्लील वेबसाइट के वीडियो चलाकर हो रही साइबर ठगी
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग लगातार ठगी के तरीके में बदलाव करते रहते हैं। लॉकडाउन के दौरान अश्लील वीडियो चैट की रिकार्डिंग कर साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। साइबर सेल के पास इस तरह के केस पहुंच रहे हैं। जिसमें युवाओं के साथ बुजुर्ग भी ठगों के झांसे में फंस …
बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग लगातार ठगी के तरीके में बदलाव करते रहते हैं। लॉकडाउन के दौरान अश्लील वीडियो चैट की रिकार्डिंग कर साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। साइबर सेल के पास इस तरह के केस पहुंच रहे हैं। जिसमें युवाओं के साथ बुजुर्ग भी ठगों के झांसे में फंस रहे हैं।
साइबर ठग जिस वीडियो चैट की रिकार्डिंग या स्क्रीन शॉट भेजकर ठगते हैं, उसमें वह अश्लील वेबसाइट पर पहले से अपलोड वीडियो को चला देते हैं। इन वीडियो को इस तरह से चलाया जाता है, जैसे हकीकत में कोई लड़की सामने चैट कर रही हो। साइबर सेल में एक युवक ने शिकायत की थी कि उसकी फेसबुक पर एक अंजान युवती से दोस्ती हो गई। उसके बाद उसने वीडियो कॉल पर बात की।
वीडियो काल के बाद उसे आपत्तिजनक वीडियो भेजकर 15 हजार रुपए की मांग की गई। ऐसा न करने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। एक सप्ताह पहले बरेली कॉलेज के एक छात्र के साथ भी इसी तरह की घटना हुई। हालांकि वह ठगी से बच गए। इसी तरह से एक बुजुर्ग के साथ भी घटना हुई। बुजुर्ग के साथ भी अश्लील वीडियो बनाकर रुपयों की मांग की गई थी। इस तरह के मामले साइबर सेल के पास पहुंच रहे हैं।
साइबर सेल के द्वारा जब इसकी जांच की गई तो पाया कि यह गैंग राजस्थान के भरतपुर से संचालित हो रहा है। इस ग्रुप के सदस्य फेसबुक पर लड़कियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाते हैं। उसके बाद रात के समय ऑनलाइन रहने वाले लोगों से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं। फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार होने पर बातचीत की पेशकश की जाती है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर मांग लिया जाता है। उसके बाद वीडियो कॉल के लिए बोला जाता है।
वीडियो काल के दौरान पोर्न साइट (अश्लील वेबसाइट ) पर पहले से रिकार्ड वीडियो चला दी जाती है। कुछ देर वीडियो चलने के बाद काल काट दी जाती है। उसके बाद धमकाने का खेल शुरू हो जाता है। वीडियो कॉलिंग के दौरान स्क्रीन मिरर रिकार्डेड के जरिए वीडियो रिकार्ड कर लिया जाता है। इसके अलावा स्क्रीन शॉट भी ले लिए जाते हैं।
बदनाम करने की देते हैं धमकी
वीडियो और स्क्रीन शॉट चैट करने वाले के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया जाता है। उसके बाद उससे कहा जाता है कि इस वीडियो या फोटो को सोशल मीडिया या यू ट्यूब पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके अलावा उसके दोस्तों व परिजनों को भी वीडियो भेजने की धमकी दी जाती है। इससे लोग परेशान हो जाते हैं और वीडियो डिलीट करने के लिए कहते हैं। इसके लिए ठग रुपयों की मांग करते हैं। कई लोग बचने के चलते साइबर ठगों के द्वारा दिए गए अकाउंट में रकम डाल देते हैं। इस धंधे में लड़कियों को भी शामिल किया गया है, जो फोन पर बातचीत करके फंसाती हैं। कई बार देखने में आया है कि साइबर ठग खुद ही मोबाइल एप के जरिए लड़की की आवाज में बात कर लेते हैं।
फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दोस्ती करने के बाद वीडियो चैट की शिकायतें आयी हैं। वीडियो चैट के दौरान अश्लील वीडियो बनाकर ठगी की जाती है। लोगों को किसी अनजान से दोस्ती व चैटिंग करने से बचना चाहिए। -सुशील कुमार, एसपी क्राइम
