अक्षय कुमार ने अमेठी वालों के लिए भेजी मदद, स्मृति ईरानी ने की थी पहल
अमेठी। कोरोना से जूझ रहे मरीजों और इस पर काबू पाने में जुटे अफसरों व कर्मचारियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी आगे आए हैं। स्मृति व अक्षय ने भारी मात्रा में मास्क, साबुन, पीपीई किट व ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अमेठी भेजे हैं। यह सामग्री शनिवार …
अमेठी। कोरोना से जूझ रहे मरीजों और इस पर काबू पाने में जुटे अफसरों व कर्मचारियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी आगे आए हैं। स्मृति व अक्षय ने भारी मात्रा में मास्क, साबुन, पीपीई किट व ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अमेठी भेजे हैं। यह सामग्री शनिवार को डीएम व एसपी को मुहैया कराई गई है।
इसके लिए पहल यहां से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने की थी। स्मृति शुक्रवार को अचानक अपने संसदीय क्षेत्र पहुंची थीं। उनके लौटते ही शनिवार को अक्षय कुमार की ओर से यह राहत सामग्री अमेठी पहुंची।
स्मृति के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने इसे जिला प्रशासन को सुपुर्द किया। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में सांसद स्मृति ईरानी द्वारा विभिन्न प्रकार से अमेठी वासियों की मदद की जा रही है। स्मृति दो बार बिना किसी प्रोटोकाल के अमेठी के लोगों से मिलने आ चुकी हैं। इसी क्रम में उनकी पहल पर अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना के दैविक फाउंडेशन व उत्थान सेवा संस्थान ने राहत सामग्रियों की एक बड़ी खेप भेजी है।
जिलाधिकारी अरुण कुमार के कैंप कार्यालय में सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे को केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, एन-95 मास्क, साबुन और हाई कंसन्ट्रेटर मास्क की खेप सौंपी।
स्मृति ईरानी ने अस्पतालों के लिए 42 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 15 हजार एन-95 मास्क भेजें
विजय गुप्ता ने बताया कि लोगों की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए सभी अस्पतालों के लिए 42 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 15 हजार एन-95 मास्क, 15 हजार साबुन व दो सौ हाई कंसन्ट्रेटर आया है। स्मृति ईरानी ने इसी के साथ पुलिस विभाग के लिए 15 हजार एन-95 मास्क और 15 हजार साबुन भेजे हैं। इस खेप को पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह को सौंप दिया गया है।
इसके साथ ही स्मृति ईरानी ने एक हजार सफाई कर्मियों के लिए चार हजार एन-95 मास्क व चार हजार साबुन भेजे हैं। दो हजार आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए आठ हजार एन-95 मास्क और आठ हजार साबुन भेजे हैं। दो हजार आशा बहूओं के लिए उन्होंने आठ हजार एन-95 मास्क और आठ हजार साबुन के साथ सभी के लिए एक-एक पीपीई किट भी भेजी हैं। उन्होंंने अधिवक्ताओं, पत्रकारों और अखबार वितरक साथियों के साथ मंदिरों में रहने वाले पुजारियों के लिए डेढ लाख से अधिक एन-95 मास्क व डेढ लाख साबुन भेजे हैं। यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिए उन तक पहुंचेगा।
