मुनमुन दत्ता के खिलाफ FIR दर्ज, जातिसूचक शब्द इस्तेमाल करने का है मामला
मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक समुदाय के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी के लिए टेलीविजन अभिनेत्री मुनमुन दत्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामला ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की अभिनेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर नौ मई को मेक-अप के संबंध में …
मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक समुदाय के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी के लिए टेलीविजन अभिनेत्री मुनमुन दत्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामला ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की अभिनेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर नौ मई को मेक-अप के संबंध में एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर काफी प्रसारित हुआ था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”समुदाय के नेता और एक राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता नरेश बोहित (40) द्वारा गोरेगांव पुलिस थाने में 12 मई को दी गई शिकायत के आधार पर दत्ता के खिलाफ 26 मई को मामला दर्ज किया गया।” उन्होंने कहा कि चूंकि अभिनेत्री अंबोली पुलिस थाना क्षेत्र में रहती हैं इसलिए शिकायत उक्त पुलिस थाने को भेज दी गयी।
जांच के बाद बुधवार को अभिनेत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी। अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 295 (ए) (किसी भी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान कर उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण किया गया कार्य) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम की धारा तीन के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस टिप्पणी के बाद अभिनेत्री की काफी आलोचना हुई थी जिसके बाद 10 मई को उन्होंने माफी भी मांगी थी जिसमें उन्होंने कहा था कि अलग भाषायी परिवेश से होने के कारण उक्त शब्द के अर्थ से वह अनजान थीं। इससे पहले अभिनेत्री के खिलाफ ऐसे ही मामले हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी दर्ज हुए हैं।
वीडियो में जातिसूचक शब्द के इस्तेमाल पर अभिनेत्री युविका चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज
अभिनेत्री युविका चौधरी के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने एक दलित अधिकार कार्यकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। अभिनेत्री पर एक वीडियो में जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ था। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हांसी की पुलिस अधीक्षक निकिता अहलावत से 26 मई को इस संदर्भ में शिकायत की गई थी।चौधरी जिस वीडियो में कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी कर रही हैं वह 25 मई को सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ था और इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। “बिग बॉस” कार्यक्रम में हिस्सा ले चुकी चौधरी ने ट्विटर पर इस संदर्भ में माफी मांगते हुए कहा था कि उन्हें बोले गए शब्द का अर्थ नहीं पता था। साइबर प्रकोष्ठ द्वारा औपचारिक जांच किये जाने के बाद युविका चौधरी के खिलाफ हांसी शहर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। हांसी पुलिस थाने के प्रभारी (एसएचओ) ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
