मुरादाबाद: फेसबुक व इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाए तो होगी जेल, अफसरों ने बनाया प्लान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, मुरादाबाद। सोशल मीडिया पर लड़कियों की फोटो चुराकर फेक आईडी बनाकर उनको परेशान करने वालों को अब जेल की सैर करनी पड़ेगी। इसके अलावा खासतौर फेसबुक पर फर्जी या क्लोन आईडी बनाकर रकम मांगने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रहे इस फर्जी मामलों के कारण पुलिस अफसरों …

अमृत विचार, मुरादाबाद। सोशल मीडिया पर लड़कियों की फोटो चुराकर फेक आईडी बनाकर उनको परेशान करने वालों को अब जेल की सैर करनी पड़ेगी। इसके अलावा खासतौर फेसबुक पर फर्जी या क्लोन आईडी बनाकर रकम मांगने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रहे इस फर्जी मामलों के कारण पुलिस अफसरों ने अपना प्लान तैयार कर लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर फर्जीवाड़ा करने वालों पर कार्रवाई के लिए साइबर हेल्पलाइन की टीम अब 24 घंटे सक्रिय रहेगी।

यह प्लान बनाने के बाद अफसरों ने अभी तक करीब 25 ऐसे फेसबुक व इंस्टाग्राम एकाउंट को बंद कर दिया है जो सोशल मीडिया से फोटो चोरी करके बनाए गए थे। इसके अलावा आईपी एड्रेस के आधार पर फर्जीवाड़ा करने वालों को पकड़ने की भी तैयारी है। मौजूदा दौर में सोशल मीडिया का क्रेज बढ़ता जा रहा है। जिस कारण साइबर क्राइम के मामले भी बढ़ रहे हैं। साइबर लुटेरे आए दिन लोगों के एकाउंट से रकम निकालकर ठगी कर रहे हैं। इतना ही नहीं अब लड़कियों की फर्जी फेसबुक आईडी व इंस्ट्राग्राम बनाकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।

फर्जीवाड़ा करके लड़कियों को ब्लैक मेल करने के भी मामले सामने आ रहे हैं। अब तो क्राइम का एक नया तरीका सामने आ रहा है। साइबर अपराधी लोगों की फेसबुक आईडी हैक कर या फिर फर्जी आडी बनाकर संबंधित के परिचितों को मैसेज भेजकर रकम की मांग करते हैं। अगर कोई उनके झांसे में आ गया तो गूगल पे से रकम ट्रांसफर करवा रहे हैं। हैरानी वाली बात यह है कि साइबर अपराधी पुलिस-प्रशासनिक अफसरों से लेकर राजनेताओं तक की फर्जी आईडी बनाकर परिचितों से रकम की मांग करने से नहीं चूक रहे हैं।

फर्जीवाड़ा करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी
लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने भी अपना प्लान तैयार कर लिया है। जिसके तहत सोशल मीडिया से लड़कियों की फोटो चोरी करके बनाए गए एकाउंट बंद कराए जाएंगे। साथ ही शोहदों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रकम ऐंठने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। अफसरों ने बताया कि आईपी एड्रेस के आधार पर उनको पकड़ने की तैयारी है। वहीं लड़कियां अपनी फोटो और पुख्ता पहचान सोशल मीडिया पर वायरल करने से बचें। अगर प्रोफाइल में सब लिखें भी तो उसे प्राइवेट रखें। ताकि कोई आसानी से उनकी प्रोफाइल खोलकर फोटो व अन्य जानकारी हासिल न कर सकें।

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि प्लान के तहत साइबर हेल्पलाइन नंबर 9454401742 को 24 घंटे सक्रिय किया गया है। इसके अलावा अभी तक करीब 25 फर्जी एकाउंट बंद कराने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संभल के एसपी के पीआरओ की बनाई फर्जी आईडी
मुरादाबाद। साइबर लुटरों ने संभल एसपी के पीआरओ की फर्जी आईडी बनाकर परिचितों को ठगने का प्रयास किया। कई परिचितों को मैसेज भेजकर रकम की मांग की। शक होने पर परिचितों ने उनसे संपर्क किया तो पीआरओ ने ऐसा मैसेज भेजने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी है। साइबर ठगों ने लोगों को चूना लगाने के लिए फेसबुक अकाउंट की क्लोनिंग शुरू कर दी है। इसमें किसी भी व्यक्ति के फेसबुक अकाउंट से उसकी प्रोफाइल और फोटो लेकर दूसरी आईडी बनाकर परिचितों से रकम की मांग करते हैं। ऐसे तमाम मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। फर्जीवाड़े का ऐसा ही मामला शनिवार को भी सामने आया। दरअसल काफी समय पहले कुन्दरकी थाना प्रभारी के पद पर तैनात रहे एसआई कर्मसिंह पाल मौजूदा समय में एसपी सम्भल के पीआरओ हैं। कोरोना की चपेट में आने के कारण काफी समय तक वह अस्पताल में भर्ती रहे। हाल ही में वह डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे हैं। इस बीच साइबर लुटेरों ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाने के साथ तमाम परिचितों को मैसेज भेजे। जिसमें बीमारी का हवाला देते हुए रकम की मांग की। लुटेरों ने किसी से पांच तो किसी से बीस हजार रुपए मांगे। शक होने पर कुछ परिचितों ने उनको फोन करके मैसेज के संबंध में जानकारी दी तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद उन्होंने अपने आफीसियल एकाउंट में सभी को सचेत करने के साथ ही साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज करा दी।

 

 

संबंधित समाचार